Baghpat: दिल्ली से घर लौट रहा था गार्ड, स्टेशन पर हुआ हमला, मारपीट के बाद युवक की मौत से परिजनाें में कोहराम
बागपत के खेकड़ा निवासी और दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत पंकज धामा की शाहदरा रेलवे स्टेशन पर कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
बागपत के खेकड़ा कस्बे के रहने वाले पंकज धामा की दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ युवक पंकज के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी उन्हें बचाने का प्रयास करता नजर आ रहा है।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार खेकड़ा के मोहल्ला औरंगाबाद शेखपुरा निवासी पंकज धामा दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे। वह शुक्रवार रात ड्यूटी पर गए थे और शनिवार सुबह ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन पर मौजूद कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कई युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
सिर में चोट लगने से गिर पड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के दौरान पंकज के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाने का प्रयास किया। इस बीच आरोपी युवक वहां से निकलकर ट्रेन में सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी बीच-बचाव करता नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि और जांच पुलिस स्तर पर की जा रही है।
परिजन पहुंचे दिल्ली, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।