यूपी: पहले धर्म बदलकर दलित युवती से शादी, फिर पत्नी पर बनाया धर्म बदलने का दवाब
यूपी में बागपत के एक गांव की दलित युवती से धर्म बदलकर शादी करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। आरोप है कि पति अब पत्नी पर धर्म बदलने का दबाव डाल रहा है। विरोध करने पर मारपीट की जाती है। इससे तंग आकर युवती अपने मायके आ गई। पीड़िता के साथ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसपी दफ्तर पहुंचकर हंगामा किया। पीड़िता ने मामले में अपहरण कर आठ माह तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित युवती से अप्रैल में दूसरे समुदाय के युवक ने धर्म बदलकर कोर्ट मैरिज की थी। शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के पदाधिकारी पीड़िता के साथ एसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय से मिलने पहुंचे। उनका आरोप था कि युवक ने धर्म बदलने का ढोंग रचाकर युवती से शादी रचाई और इसके बाद उस पर भी धर्म बदलने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। इसके बाद युवती अपने घर आ गई।
पीड़िता के अनुसार 26 मार्च को दोपहर एक बजे वह ट्यूशन पढ़कर अपने गांव लौट रही थी। अमीनगर सराय कस्बे में बैंक के पास कार सवार पांच युवक उसका अपहरण कर ले गए थे। परिजनों ने सिंघावली अहीर थाने पर एक युवक के खिलाफ बहला फुसला कर अपहरण कर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। उस समय परिजनों ने आरोप लगाया था कि उसे गाजियाबाद में एक अज्ञात स्थान पर मकान में एक महीने तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और जबरन उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। विहिप के जिला मंत्री पप्पन राणा, सुनील मुखिया, ब्रजमोहन भारद्वाज, दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका एडवोकेट रेखा चौहान, बजरंग दल के जिला संयोजक अमित तितरौदा उपस्थित रहे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/