Baghpat:75 लाख रुपये से तालाब की कराई खोदाई, साफ-सफाई के नाम पर कर दिया बड़ा कांड
बागपत जनपद के ट्योढी गांव में 75 लाख रुपये खर्च करके खोदवाए गए तालाब की साफ सफाई के नाम पर बड़ा घोटाला कर दिया।
विस्तार
बागपत जनपद के ट्योढी गांव में 75 लाख रुपये खर्च करके खोदवाए गए तालाब की मिट्टी को बेचकर प्लाटों का भराव कराने का मामला सामने आया है। डीएम के पास मामले की शिकायत हुई तो उन्होंने डीडीओ को जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया। आरोप सही मिलने पर ठेकेदार और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होना तय है।
डीएम अस्मिता लाल को ट्योढी के तालाब की खोदाई कराने में अनियमितता की शिकायत मिली। 3.99 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्रफल के तालाब की खोदाई के लिए 75 लाख रुपये का टेंडर छोड़ा गया था।
यह भी पढ़ें: Deepak Murder: कटा सिर और खून सनी तलवार मिली थी सात दिन बाद, कोर्ट ने दो हत्यारों को सुनाई ये सजा
आरोप है कि तालाब की खोदाई करने पर निकली सूखी मिट्टी से ग्रामीणों के खाली प्लाटों का भराव करा दिया गया। तालाब की सफाई भी अच्छे से नहीं की गई। मलबा तालाब में ही दबा दिया गया।
डीएम ने डीडीओ व एक्सईएन लघु सिंचाई को मामले में जांच करके कार्रवाई करने का आदेश दिया। इसपर डीडीओ अखिलेश चौबे ने लघु सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को तालाब की खोदाई संबंधी समस्त रिकार्ड लेकर 10 मार्च को ट्योढी गांव में मौके पर रहने के निर्देश दिया हैं। जांच में आरोप सही मिले तो संबंधित अधिकारी तथा ठेकेदार पर कार्रवाई होगी।
मिट्टी बेचने के पहले भी लग चुके आरोप
तालाबों की खोदाई में सरकार की तरफ से लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं और उसमें से निकलने वाली मिट्टी को बेच दिया जाता है। इस तरह के आरोप पहले भी ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों पर लग चुके हैं। मगर, जांच के नाम पर हर बार मामले को दबा दिया जाता है। इस बार डीएम ने सख्ती दिखाई है और मामले में जांच करके रिपोर्ट जल्द देने के लिए कहा गया है।