सहारनपुर पहुंचे गुरिंदर महाराज, नेपाल, पाकिस्तान से आए अनुयायी, कड़ी चौकसी के बीच होगा सत्संग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सहारनपुर में सरसावा के पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग के प्रमुख केंद्र में सोमवार को ब्यास डेरा प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह महाराज पहुंच गए। उन्होंने संगत को दर्शन देकर निहाल किया। दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान, नेपाल सहित कई देशों के अनुयायी सत्संग केंद्र में पहुंच गए। सेवादारों द्वारा चौकसी कड़ी कर दी गई है। सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। चेकिंग के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है। मंगलवार को डेरा प्रमुख अपनी वाणी से संगत को निहाल करेंगे।
पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में दो दिवसीय सत्संग, दर्शन और नामदान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सोमवार की सुबह से ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचने शुरू हो गए हैं। राधा स्वामी सेवादारों के मुताबिक पाकिस्तान और नेपाल से भी अनुयायी कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। दो दिवसीय कार्यक्रम में करीब पांच लाख अनुयायी भाग लेंगे। दोपहर 12:45 बजे ब्यास डेरा प्रमुख गुरिंद सिंह महाराज हेलीकाप्टर के जरिए सत्संग केंद्र में पहुंच गए। शाम के समय उन्होंने सभागार में आकर लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। मंगलवार की सुबह गुरिंदर महाराज सत्संग में प्रवचन करेंगे। महाराज के दर्शन करने को लेकर अनुयायियों में भारी उत्साह है।
22 सौ बीघा में बना है देश का 22वां सत्संग भवन
पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन 22 सौ बीघा में बना हैं। राधा स्वामियों के देश में बने प्रमुख 22 डेरों में यह भी शामिल हैं। राधा स्वामी सेवादार खुद ही पूरी व्यवस्था संभाल रहे हैं। पुलिस-प्रशासन सिर्फ बाहर से सहयोग कर रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। अनुयायियों को चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। मोबाइल फोन, कैमरा, पावर बैंक आदि सामान बाहर ही रखवाया जा रहा है। इसके साथ ही डेरा प्रमुख को पंजाब सरकार की ओर से सुरक्षा मिली हुई है। पंजाब पुलिस के जवान और कमांडो भी पिलखनी के डेरा में सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं। स्थानीय पुलिस बाहर से सहयोग कर रही है।
12 बजे तक दुकानें बंद रखेंगे व्यापारी
महानगर के व्यापारी मंगलवार को सत्संग में शामिल होंगे। व्यापारी दोपहर 12 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। ताकि बाहर से आने वाले अनुयायियों को किसी तरह की परेशानी न हो और व्यापारी भी व्यवस्था बनाने में सहयोग करेंगे।
एक साथ चार लाख अनुयायी सुनेंगे सत्संग
राधा स्वामी डेरा पिलखनी में एक साथ चार लाख अनुयायियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। स्थायी सभागार बनाया गया है, जो वाटर प्रुफ है। इसमें हर बीस कदम पर स्क्रीन लगाईं गई है, जिसके माध्यम से भी अनुयायी बाबा के दर्शन करेंगे और प्रवचन सुनेंगे।
यह होगा कार्यक्रम
- मंगलवार सुबह 10:00 बजे ब्यास डेरा प्रमुख गुरिंदर सिंह महाराज सत्संग करेंगे।
- दोपहर 12:00 बजे नाम दान दिया जाएगा।
- दोपहर 1:00 बजे खुली जीप से डेरा प्रमुख संगत को दर्शन देंगे।
- शाम के समय भी नाम दान, दर्शन और सत्संग का आयोजन होगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/