आशीष हत्याकांड: ...तो बच जाती जान, भड़काऊ पोस्ट डालने वाला एक गिरफ्तार, आज हो सकता है बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में शोभापुर गांव में आशीष हत्याकांड को लेकर तनाव लगातार बरकरार है। गुर्जर पक्ष द्वारा महापंचायत का एलान होने की सूचना पर एसपी सिटी और सीओ दौराला फोर्स लेकर गांव में पहुंचे। आशीष के परिजनों और गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों से वार्ता की।
आशीष के पिता ने मंगलवार को महापंचायत न होने की बात कही। एसपी सिटी ने कहा कि सोशल साइट पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले आरोपी चिह्नित कर लिए गए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
आशीष गुर्जर की हत्या को लेकर पीड़ित परिवार और गुर्जर समाज में जबरदस्त गुस्सा है। पुलिस ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित करने के साथ ही रासुका लगाने का हवाला दिया। लेकिन भड़काऊ पोस्ट सोशल साइट पर वायरल कर माहौल खराब करने की साजिश चल रही है।
वहीं, पुलिस का दावा है कि इस पोस्ट को वायरल करने वालों की तलाश चल रही है। पांच लोगों को हिरासत मेें लिया हुआ है, जिन्होंने यह पोस्ट वायरल की। इनमें एक आरोपी अंशुल निवासी घाट गांव परतापुर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, फरार चल रहे इनामी हत्या आरोपियों भांडू उर्फ विजय, गिज्जू उर्फ अमरदीप, रवि, रोहित, अमित, संजू और अनिल को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ईंट भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष केपी सिंह गुर्जर ने एसपी सिटी से कहा कि सोशल मीडिया पर नौ लोगों की हत्या करने की पोस्ट डालकर एलान किया गया था। भड़काऊ पोस्ट डालने वालों ने चेतावनी भी दी थी कि वह आशीष को नया साल नहीं देखने देंगे। उसकी हत्या कर देंगे।
परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन क्यों नहीं लिया। उल्टा परिजनों को डांट फटकार कर थाने से भगा दिया। पुलिस अगर उसी दौरान मामले को गंभीरता से लेती तो शायद आशीष की हत्या नहीं होती। केपी सिंह की बात सुनने के बाद एसपी सिटी ने स्वीकार किया कि पुलिस से चूक हुई है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मत करो अभी महापंचायत
पथिक सेना के अध्यक्ष मुखिया गुर्जर ने रविवार को आशीष के परिजनों से मिलकर मंगलवार को शोभापुर गांव में गुर्जर समाज की महापंचायत का एलान किया था। इसकी सूचना पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सोमवार को एसपी सिटी रणविजय सिंह, सीओ दौराला अखिलेश भदौरिया गांव में पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने आशीष के पिता महकार सिंह, समाज सेवी दुष्यंत रोहटा, नवाब सिंह लखवाया, ईंट भट्ठा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष केपी सिंह गुर्जर, मनोज चपराणा आदि संभ्रांत लोगों के साथ राणा फार्म हाउस में वार्ता की।
एसपी सिटी ने पुलिस कार्रवाई का हवाला देते हुए महापंचायत न करने की बात कही। महकार सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा मांगा चार दिन का समय पूरा होने पर वह समाज के लोगों के साथ बैठक करेंगे। अगर सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे तो महापंचायत का एलान होगा।
पैदल मार्च, न दें अफवाहों पर ध्यान
एसपी सिटी और सीओ दौराला ने गांव में पैदल मार्च निकाला। ग्रामीणों खासकर युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर पोस्ट होने वाली फोटो व धमकियों पर ध्यान न दें। भाईचारा व सौहार्द बनाकर गांव का माहौल सुधारने में मदद करें। अफवाहों पर ध्यान न दें।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/