हस्तिनापुर। अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने जिला अध्यक्ष संतोष परमार के नेतृत्व में कमिश्नरी पार्क पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा, जिसमें पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा, नियमित वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता और सवेतन मेडिकल अवकाश सहित सभी वैधानिक लाभों की मांग की गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे कई दशकों से महिला एवं बाल विकास विभाग की आधारशिला के रूप में कार्य कर रही हैं और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करती हैं। इसके बावजूद उन्हें सरकारी कर्मचारी का दर्जा और सामाजिक सुरक्षा नहीं मिली है। पूर्व में भी ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर कुसुम नवल, शशि त्यागी, अनीता त्यागी, सुमन दौराला, रजनी, अनीता, माया, ट्विंकल, साबिया, तृप्ति गुप्ता, सर्वेश आदि मौजूद रही।