चौंकाने वाले आंकड़े: चार लाख नलकूप किसानों पर 1400 करोड़ रुपये बकाया, पढ़िए क्या बोले अधिकारी
बिजली बिल को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। पश्चिमांचल के 4.19 लाख किसानों पर करीब 1400 करोड़ रुपये बकाया है। ऐसे में प्रत्येक बकायेदार नलकूप किसानों पर करीब 33 हजार रुपये बकाया है।
विस्तार
पश्चिमांचल के चार लाख से ज्यादा नलकूप किसानों पर बकाया करीब 1400 करोड़ रुपये की वसूली में एकमुश्त समाधान योजना भी कामयाब नहीं हो पा रही है। 30 नवंबर तक चलने वाली इस योजना का लाभ अभी तक बहुत कम किसानों ने ही लिया है। किसानों का कहना है कि गन्ना बकाया भुगतान नहीं होने के चलते बकाया जमा करने में मुश्किल हो रही है। हर साल योजना जनवरी-फरवरी माह में लागू की जाती थी। तब तक किसानों के पास गन्ने का कुछ भुगतान आ जाता था। लेकिन सरकार ने इस बार योजना को पहले ही जारी कर दिया।
पीवीवीएनएल के अधिकतर किसान अपने नलकूप बिलों का भुगतान मार्च तक ही करते हैं। इसके लिए किसानों को ओटीएस का इंतजार रहता है। योजना में शत-प्रतिशत सरचार्ज की छूट और तब तक गन्ना मूल्य भुगतान होने से किसान नलकूप बिल का संपूर्ण भुगतान कर योजना का लाभ ले लेते हैं। इस बार सरकार ने ओटीएस 21 अक्तूबर को ही लागू कर दी जो 30 नवंबर तक चलनी है। इसके चलते पश्चिमांचल के 4.19 लाख नलकूप किसानों में से करीब 10 फीसदी किसान ही योजना का लाभ ले सके हैं। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने योजना की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी भी जताई है।
प्रत्येक बकायेदार को चुकाने हैं 33 हजार
पश्चिमांचल के 4.19 लाख किसानों पर करीब 1400 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है, यानि प्रत्येक बकायेदार नलकूप किसानों पर करीब 33 हजार रुपये बकाया है। मेरठ जोन के करीब 66 हजार नलकूप किसानों पर भी करीब 165 करोड़ रुपये बकाया है। यहां के किसानों पर औसतन 25 हजार रुपये बकाया चल रहा है।
यह भी पढ़ें: भीषण आग से मचा हाहाकार : दुकान के भीतर जलती रहीं तीन जिंदगी, गूंजती रही बेबस परिजनों की चीत्कार
बोलते आंकड़े
जोन बकायदार नलकूप किसान बकाया लाख रुपये में
मेरठ 65986 16483
गाजियाबाद 7332 1525
बुलंदशहर 69027 31996
सहारनपुर 125440 53921
नोएडा 6575 2276
मुरादाबाद 145591 33224
--------------------------------------------------------------------------------------------------------
पीवीवीएनएल 419951 139425
यह भी पढ़ें: खौफनाक मंजर: भरभराकर गिरा दो मंजिला मकान, इलाके में मची चीख-पुकार, देखिए हादसे की तस्वीरें
बोले अधिकारी
शासन ने बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए ओटीएस लागू की है जो 30 नवंबर तक है। योजना में 50 से 100 फीसदी तक सरचार्ज की छूट दी जा रही है। नलकूप किसान भी इसका लाभ ले रहे हैं। प्रगति कुछ धीमी है, इसे बढ़ाने के लिए कहा गया है। बकायदार उपभोक्ता योजना का लाभ उठाए। - अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एमडी पीवीवीएनएल मेरठ