अमर उजाला एक्सक्लूसिव: रफ्तार और सुविधाओं में मेरठ-मुजफ्फरनगर हाईवे फिसड्डी
- एनएचएआई ने 219 हाईवे और एक्सप्रेसवे का ऑडिट कर रेटिंग जारी की
- रफ्तार और सुविधाओं में मेरठ-मुजफ्फरनगर हाईवे फिसड्डी
विस्तार
वाहनों की सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के तीसरे चरण (डासना से हापुड़ एनएच 9) ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 35वां स्थान प्राप्त किया, जबकि मेरठ-मुजफ्फरनगर (एनएच 58) 132वें स्थान पर रहा। एनएचएआई की तरफ से देश के 219 हाईवे/एक्सप्रेसवे के ऑडिट/ रेटिंग में मेरठ और गाजियाबाद के हाईवे का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।
रेलवे द्वारा अपने स्टेशनों की रेटिंग की ही तरह एनएचएआई ने ऑडिट करने के बाद रेटिंग देनी शुरू की है। अहमदाबाद-वड़ोदरा एक्सप्रेसवे (एनएच 48) को देश भर में पहला स्थान मिला है। रेटिंग के तहत हाईवे दक्षता के लिए 45 नंबर तय किए गए।
इसमें टोल प्लाजा पर वाहनों को लगने वाले समय के अलावा हाईवे पर सर्विस रोड बारिश में जलभराव की आदि की समस्या देखी गई। सुरक्षा के लिए 35 अंक थे, जिसमें हाईवे पर एक वर्ष में हुई दुर्घटनाओं, एंबुलेंस रिस्पांस टाइम, हादसे के बाद जाम की स्थिति, अवैध पार्किंग और बस स्टॉप आदि के मानक देखे गए। 20 अंक की यूजर सर्विस में साफ-सफाई, शौचालय की व्यवस्था, वाहन मरम्मत की वर्कशॉप, अवैध कब्जे और होर्डिंग आदि के अलावा अन्य सुविधाओं को परखा गया।
मेरठ-मुजफ्फरनगर हाईवे इसलिए खराब
- टोल प्लाजा पर फास्टैग की व्यवस्था के बाद भी वाहनों को करना पड़ता है इंतजार
- मेरठ से मुजफ्फरनगर तक दोनों तरफ काफी आबादी है, यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है
- टोल प्लाजा के आसपास खानपान की सुविधा नहीं, सुलभ शौचालय बनाने के बाद भी बंद
- पल्हैड़ा, खिर्वा में फ्लाईओवर और दादरी में अंडरपास निर्माणाधीन होने से रोजाना जाम
यह भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: लाइसेंसधारी अपराधियों को बेच रहे कारतूस, सामने आया पूरा सच
डासना से हापुड़, एनएच 9
कुल नंबर : 78.63
दक्षता : 41.83
सुरक्षा : 21
यूजर सर्विस : 15.8
मेरठ-मुजफ्फरनगर हाईवे, एनएच 58
कुल नंबर : 65.04
दक्षता : 30.96
सुरक्षा : 19.02
यूजर सर्विस : 15.06
अगले वर्ष चमकेगा हाईवे
हम हाईवे पर कैट आई सहित अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने की तैयारी में हैं। इसके अलावा मशीनों से सफाई भी शुरू होने जा रही है। 15 दिन में पल्हैड़ा फ्लाईओवर तैयार हो जाएगा। - डीके चतुर्वेदी, परियोजना निदेशक, एनएचएआई
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/