अमर उजाला अभियान स्वास्थ्य : पहले परिवार को टीका लगवाया, फिर मोहल्ले को किया जागरूक
बागपत के मुगलपुरा में शुरूआत में कोरोना रोधी टीका लगवाने का विरोध कर रहे थे लोग और ऐसे में टीम तक को लौटाया और फिर एक परिवार ने खुद टीका लगवाकर मोहल्ले में सभी को जागरूक किया। लोगों ने अपने पूरे परिवार को टीका लगवाया और फिर मोहल्ले में स्वास्थ्य अभियान चलवाया।
विस्तार
बागपत कोरोना रोधी टीका लगाने की जब शुरूआत हुई तो इसका कुछ जगह विरोध हुआ। ऐसे में परिवार आगे आए, जिन्होंने पहले अपने पूरे परिवार को टीका लगवाया और फिर मोहल्ले में अभियान चलवाया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी खुद मानते हैं कि कई जगह टीका लगवाने के लिए लोग आगे नहीं आ रहे थे। वे विरोध कर रहे थे। वहां कुछ परिवारों के सहयोग से टीकाकरण संभव हो सका है।
जब कोरोना रोधी टीका लगाने की शुरूआत हुई तो मुगलपुरा मोहल्ले में सबसे ज्यादा परेशानी हुई। वहां टीका लगवाने के लिए कोई आगे नहीं आया। स्वास्थ्य विभाग की टीम को विरोध तक झेलना पड़ा। ऐसे में वहां रहने वाले सरताज ने सबसे पहले अपने परिवार को टीका लगवाने की पहल की तथा अपनी पत्नी सुल्ताना, बेटा रियाज व रिहान को टीका लगवाया।
स्वास्थ्य अभियान चलवाया
अपने परिवार को ही टीका नहीं लगवाया, बल्कि मोहल्ले में जागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को बताया कि टीका लगवाने पर कोरोना संक्रमण से बचाव होगा। इसके बाद वहां सभी परिवारों ने टीका लगवाया और टीकाकरण को लेकर सभी संदेह दूर हो चुके हैं, जिससे लोग काफी रुचि टीकाकरण में दिखा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला अभियान शिक्षा: कोरोना ने बदला माहौल, स्कूलों में जरूरी है प्रोटोकॉल, बरती जा रही है पूरी सतर्कता
जहां सबसे ज्यादा संक्रमण हुआ
भजन विहार में कोरोना संक्रमण सबसे ज्यादा फैला तथा दूसरी लहर में हालात काफी खराब हो गए थे। इसके बाद लोगों में टीकाकरण को लेकर इस तरह होड़ मची कि सभी ने अस्पताल में जाकर टीका लगवाया। ऐसे ही टीकाकरण लगवाने वाले अनिल यादव, उनकी पत्नी ममता यादव, बच्चे खुशबू व विक्रांत ने बताया कि टीका लगवाकर ऐसा महसूस होता है कि उनको कोरोना से बचाव का सुरक्षा कवच मिला है।
हमारे परिवार के सभी सदस्यों को लगा टीका
गौरीपुर गांव की काजल के परिवार में पिता विक्रम सिंह, माता सुनीता व दो भाई हैं। काजल बताती हैं कि उनके परिवार में सभी ने कोरोना रोधी टीका लगवाया है। सरकार के टीका लगाने की शुरूआत करने के बाद सभी ने अस्पताल में जाकर टीका लगवाया। इस तरह ही नेहा के परिवार में पिता हरवीर सिंह, माता संगीता, दो भाई को टीका लग चुका है। नेहा बताती हैं कि टीके से कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है।