Alert: जुमे की नमाज और वक्फ को लेकर वेस्ट यूपी में चाैकसी, दनादन सड़कों पर दाैड़ रही पुलिस की गाड़ियां
वक्फ संशोधन बिल को लेकर व शुक्रवार को जुमे की नमाज पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। मेरठ में ड्रोन से निगरानी होगी। सोशल मीडिया पर भी पूरी निगरानी की जा रही है। माहाैल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
मेरठ में वक्फ बोर्ड बिल को लेकर गुरुवार को भी पुलिस अलर्ट मोड पर रही। बेगमपुल और हापुड़ अड्डा पर खासतौर से सतर्कता बरती गई। शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को चार जोन और 32 सेक्टरों में बाटा गया है। मिश्रित आबादी के लिए संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं बागपत, मुजफ्फरनगर समेत विभिन्न जिलों में पुलिस की गाड़ियां दनादन संवेदनशील स्थानों पर गश्त कर रही हैं।
आज जुमे की नमाज पर शहर में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पूरी निगरानी है। पुलिस की ओर से निर्देशित किया गया है कि हिन्दू संगठन वक्फ बोर्ड बिल के समर्थन में कोई भी जुलूस और नारेबाजी न करें। वहीं मुस्लिम समाज के मौलाना और संगठनों को भी निर्देशित किया है कि वह बिल के विरोध में कोई जुलूस और प्रदर्शन न करें। शहर का माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सात वर्ष बाद मिला इंसाफ: बेटी के प्रेमी की हत्या में पिता-पुत्रों समेत पांच को उम्रकैद,कार में मिली थी लाश
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के अनुसार जिले में जुमे की नमाज पर जोन व सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी गई है। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। आरएएफ के साथ-साथ पीएसी भी लगाई गई है ताकि कोई माहौल खराब न कर सके। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सर्किल अफसर अपने- अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहेंगे। मिश्रित आबादी के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ ही आरएएफ को लगाया गया है।
लोकल खुफिया एजेंसियों के अलावा पुलिस मित्रों को जिम्मेदारी दी गई है। करीब 125 से ज्यादा शरारती तत्वों को चिह्नित कर उनकी निगरानी कराई जा रही है। शुक्रवार को जुमे की नमाज पर शहर में ड्रोन से निगरानी होगी। इसके लिए कुछ स्थान पहले ही चिह्नित कर लिए गए हैं। वहीं एसएसपी डा. विपिन ताडा ने सीओ और थानेदारों को दोनों समुदायों को बिल के विरोध या समर्थन में कोई जुलूस और प्रदर्शन न करने के लिए निर्देशित किया है।
यह भी पढ़ें: सात वर्ष बाद मिला इंसाफ: बेटी के प्रेमी की हत्या में पिता-पुत्रों समेत पांच को उम्रकैद,कार में मिली थी लाश
शामली में शुक्रवार को जुमे की नमाज और वक्फ बोर्ड संशोधन बिल को लेकर पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह से ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी। शहर में सुबह पुलिस ने गाड़ियों के काफिले के साथ मार्च किया। इसी तरह सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनाैर और बागपत में जुमे की नमाज व वक्फ की संपत्ति को लेकर अर्ल्ट किया गया है। अधिकारी पैनी नजर रखे हुए हैं।