लावड़। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने चेयरपर्सन पति हाजी शकील कुरैशी के साथ सोमवार को ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ईदगाह परिसर की सफाई, पानी व्यवस्था, रास्तों की मरम्मत और नमाजियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हाजी शकील कुरैशी ने कहा कि ईद-उल-फितर के मौके पर बड़ी संख्या में लोग शाही ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचते हैं। ऐसे में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नमाजियों के लिए पेयजल, सफाई की उचित व्यवस्था कराई जा रही है। अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि ईदगाह के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की टीम लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है ताकि ईद के दिन सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से बनी रहें। इस दौरान ईदगाह कमेटी के शबीह हसन बेदिल, सभासद मनोज गोयल, दीपक शर्मा, गौरव सूद आदि मौजूद रहे।