यूपी: हादसों में बच्चे सहित दो की मौत, शव उठाकर ले गई पुलिस, जमकर हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के बागपत जनपद में सड़क हादसों में तीन साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। टटीरी में ट्रैक्टर-ट्राली ने बच्चे को कुचल दिया। पुलिस परिजनों के आने से पहले ही शव को उठाकर ले गई। ग्रामीणों ने पीछा कर राष्ट्रवंदना चौक पर पुलिस की गाड़ी को रोक लिया और दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। वहीं गौरीपुर मोड पर ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
अग्रवाल मंटी टटीरी की डूडा कालोनी निवासी कमल ने बताया कि मंगलवार को उसका तीन साल का बेटा संस्कार अपनी दादी कमला के साथ गली से जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने बच्चे को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़कर भाग निकला।
वहीं सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के आने से पहले ही बच्चे शव को आनन-फानन में उठा ले गई। इसे लेकर परिजनों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ट्रैक्टर चालक को भगाने का आरोप लगाकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने पुलिस गाड़ी का पीछा कर राष्ट्रवंदना चौक पर रोक लिया। पुलिस गाड़ी के आगे बाइक व कार खड़ी कर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया, जिस पर ग्रामीण शांत हुए और आधा घंटे बाद जाम खोल दिया। पिता ने कोतवाली में ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बच्चे की मौत पर मां सोनिया का रो-रो कर बुरा हाल था। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है।
वहीं दिल्ली-सहारपुर हाईवे पर गौरीपुर मोड के पास बड़ौत की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर से एक व्यक्ति उतर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे कैंटर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक सरताज पुत्र इस्तियाक निवासी उसरैना जनपद फतेहपुर को गिफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि दोनों सड़क दुर्घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/