सीसीएसयू में फिर पकड़ा गया दलाल, अमर उजाला ने मार्कशीट-डिग्री मामले में किया था बड़ा खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में सीसीएसयू कैंपस में छात्र-छात्राओं से डिग्री और मार्कशीट बनवाने के लिए पैसे मांगने वाले आरोपी को विवि प्रशासन की टीम ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस ने तहरीर नहीं मिलने और कोई दस्तावेज उसके पास से बरामद नहीं होने की बात कहते हुए उसे छोड़ दिया।
रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा को शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि एक व्यक्ति कैंपस में इलाहाबाद बैंक के पास छात्र-छात्राओं से मार्कशीट और डिग्री दिलाने के नाम पर पैसे मांग रहा है। रजिस्ट्रार ने अपने स्टाफ को मौके पर भेजा तो आरोपी पकड़ा गया। मेडिकल पुलिस को सूचना दी गई। सब इंस्पेक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी एक बार कैंपस से पकड़ा जा चुका है। विवि प्रशासन ने आरोपी को मेडिकल पुलिस के हवाले कर दिया। शाम को इस बारे में मेडिकल थाना प्रभारी से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ किसी ने तहरीर नहीं दी। उसके पास से कोई दस्तावेज भी नहीं मिला, इसलिए उसे छोड़ दिया गया है। ये पहली बार नहीं है जब पुलिस ने विवि के मामले में लापरवाही की है। इससे पहले भी एमबीबीएस पेपर लीक के मामले में विवि ने मेडिकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन आज तक पुलिस कुछ नहीं कर सकी।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला स्टिंग में बड़ा खुलासा: सीसीएसयू में दलाल राज, रुपये दो और हाथोंहाथ लो डिग्री-मार्कशीट
सक्रिय हैं अभी भी दलाल
विवि में मार्कशीट-डिग्री की दलाली के मामले को अमर उजाला ने उजागर किया था। इस मामले में कुलपति प्रो. एनके तनेजा ने तीन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद कुछ महीने पहले एक कर्मचारी को एक हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने पकड़ा था। इसके बाद से दलाल गायब हो गए थे। अब कुछ दिनों से फिर से ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से पैसे लेकर डिग्री और मार्कशीट बनवाई जा रही है।
शुक्रवार को एक छात्र ने भी रजिस्ट्रार दफ्तर में इसकी शिकायत की है। रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने स्पष्ट कर दिया है कि औचक छापामारी की जाएगी। जो बाहरी लोग गोपनीय विभाग के आसपास या कैंपस में मिलेंगे, उनको पुलिस के हवाले कर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/