Mau: सड़क हादसे में पुत्र की मौत, सूचना सुन अस्पताल में भर्ती पिता ने भी तोड़ा दम, कस्बे में मातम
मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर बुधवार देर शाम एक व्यक्ति की अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसकी सूचना जब अस्पताल में भर्ती पिता को मिली तो उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
विस्तार
यूपी के मऊ जिले में मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग पर बुधवार देर शाम एक व्यक्ति की अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसकी सूचना जब अस्पताल में भर्ती पिता को मिली तो उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के दरौरा करहा निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा (55) क्षेत्र के मालती देवी शिक्षण संस्थान कॉलेज में प्रधानाचार्य थे। बुधवार देर शाम करीब नौ बजे वह करहा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती बीमार पिता रामअधार विश्वकर्मा (80) को देखने पैदल जा रहे थे।
वह अपने आवास से महज 50 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह दूर जा गिरे, उनके सिर में भी गंभीर चोट लग गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक भी घायल हो गया, वहीं बाइक चला रहा युवक गाड़ी छोड़कर भाग गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां राजेंद्र विश्वकर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी सूचना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पिता रामअधार विश्वकर्मा को मिली तो उनकी भी सांसें थम गईं।
बीमार पिता को देखने जा रहा था बेटा
राजेंद्र ने तबीयत बिगड़ने पर पिता को पांच दिन पहले ही करहा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। रोज की तरह देर शाम वह अपने बीमार पिता को देखने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना से मृतक की पत्नी तारा, दोनों पुत्री कंचन, खुशी तथा पुत्र प्रद्युम्मन विश्वकर्मा का रो रोकर बुरा हाल था। वहीं पिता-पुत्र की मौत की घटना से पूरे कस्बे में मातम पसर गया।
बेकाबू ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, परीक्षा देने जा रहे दो छात्र घायल
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद के पास गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देकर घर जा रहे दो छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल छात्रों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के ताड़नपुर गांव निवासी कृष्णानंद 16 पुत्र नारायण चौहान तथा थाना क्षेत्र के सिहरही निवासी रंजीत कुमार पुत्र ओमप्रकाश सिहरही स्थित बापू इंटर कॉलेज के 10वीं के छात्र हैं। दोनों का सेंटर विक्ट्री कॉलेज में आया हुआ है। गुरुवार सुबह दोनों एक साथ बाइक से पेपर देने के लिए आए हुए थे।
यहां से पेपर समाप्त होने के बाद वापस गांव लौटते समय इब्राहिमाबाद के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक दूर गिरी, वहीं बाइक चला कृष्णानंद तथा सवार रंजीत घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।