कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के देवकली विशुनपुर में पुरानी रंजिश में दवा व्यवसायी को बुरी तरह मार पीटकर लहुलुहान करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किए छह लोगों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। 19 अप्रैल की सुबह लगभग आठ बजे देवकली विशुनपुर निवासी मनोज राय अपनी पोखरी पर मछलियों को दाना डालकर ट्यूबेल पर बैठे थे। इसी बीच पांच की संख्या में आए कुछ युवकों ने नाम पूछकर अचानक लाठी डंडे से हमला कर लहुलुहान कर दिया। युवकों की पहचान नहीं हो पाने से पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रुपये के लेन देन के मामले में आदित्य कन्नौजिया, कृष्णानंद के कहने पर बाहरी युवकों से कहकर जानलेवा हमला कराया था। हमला करने के डेढ़ महीने से रेकी चल रही थी। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार की देर रात कृष्णानंद, आशीष, आदित्य निवासी देवकली विशुनपुर, अमित यादव निवासी लुदुही, उदय यादव निवासी बभनीभार थाना सरायलखंसी, शिवम कुमार निवासी ढेकवारा को गिरफ्तार कर मंगलवार को संबंधित धाराओ में चालान कर दिया। जबकि सरालखंसी थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी आदित्य यादव और कोपागंज थाना के केवलापुर निवासी प्रियांशु यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।