मऊ। जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन में प्रभारी अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार एक मार्च 2021 से अधिसूचना जारी हो सकती है। इसलिए संबंधित अधिकारी निर्वाचन से संबंधित समस्त कार्यों को तेजी से पूरा करा लें। जिसमें पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण और आरओ व एआरओ को नियुक्त करने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए। प्रत्येक विकास खंडों में एक-एक आरओ लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 2130 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि तहसील स्तर पर एक रजिस्टर बनवाएं जिसमें बूथ का नाम, फोटो, रास्ता चहारदीवारी आदि का विवरण स्पष्ट हो। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मतगणना विकास खंड स्तर के बड़े कालेजों में ही किया जाएं। वहीं समस्त खंड विकास अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि इस बार के चुनाव के लिए अधिक संख्या में नामांकन पत्र क्रय किए जा सकते हैं। इसलिए अपने-अपने संबंधित विकास खंडों की वैरिकेडिंग आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। क्योकि ग्राम प्रधान के लिए नामांकन फार्म विकास खंड स्तर से एवं जिला पंचायत सदस्यों का नामांकन फार्म जिला पंचायत कार्यालय से दिए जाएंगे। निर्देश दिया कि तहसील स्तर पर शस्त्र को जमा करा लें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।