मऊ। बहन और भाई के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन गुरुवार को जिले में धूम से मनाया जाएगा। पर्व की तैयारी बुधवार को पूरी हो गई। राखियों के जगह-जगह स्टाल लगे रहे। राखी की दुकान पर ज्यादा ही भीड़ नजर आई। इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदी। बाजारों में देर शाम तक गहमागहमी रही। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के संबंधों की पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। इस त्यौहार के मौके पर बहन अपने भाई की आरती उतार कर राखी बांधती है। इसी राखी के महत्व को समझते हुए भाई भी बहन के रक्षा की शपथ लेता है। पर्व के मद्देनजर नगर सहित जिले के मधुबन, घोसी, मुहम्मदाबादगोहना, चिरैयाकोट सहित प्रमुख बाजारों में जगह-जगह राखी के स्टाल लगे थे। स्टालों पर रंगबिरंगी और आर्कषक राखियां थीं। दुकानों पर सुबह से ही राखियों और मिठाइयों, कपड़े आद ि दुकानों में खरीदनों वालों का रेला लगा रहा। नगर के सहादतपुरा, रौजा, चौक, मिर्जाहादीपुरा, गोलाबाजार सहित विभिन्न बाजारों में छोटा भीम, छोटा गणेश, योगी, ब्रांड, मोदी ब्रांड, स्वास्तिक ब्रांड, विजय लक्ष्मी ब्रांड, पान निशान, श्री ब्रांड, ओम ब्रांड आदि रेशमी तथा फैशनदार धागे के राखी की खूब डिमांड रही। राखी की खरीदारी करने आई सरिता देवी, मधुबाला यादव का कहना था कि उन्हें रक्षाबंधन पर्व का काफी इंतजार रहता है। क्योंकि वे अपने भाई की कलाई पर राखी बांधतीं हुै। उधर जिले के विभिन्न इलाकों के स्कूलों में भी कार्यक्रमों की धूम रही। विद्यालयों में आयोजित राखी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने उन्हें रक्षाबंधन का महत्व का समझाया। नगर के फातिमा चौराहा स्थित किड्स केयर इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को रक्षाबंधन तथा सावन उत्सव मनाया गया। प्रधानाचार्या लघुता सिंह ने पर्व की महत्ता बताई। छात्र छात्राओं ने भगवान शिव पार्वती का रुप धारण किया। छात्र छात्राओं ने झूला झूलकर सावन उत्सव का आनंद लिया।