मऊ। रतनपुरा ब्लाक प्रमुख अजीत कुमार के विरूद्ध 51 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा नोटिस के मामले में 10 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अविश्वास के पक्ष में न होने से अविश्वास प्रस्ताव अस्वीकृत कर दिया गया। रतनपुरा ब्लाक प्रमुख अजीत कुमार के विरूद्ध 51 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरकृत शपथ पत्र सहित गत 13जनवरी 2020 अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। जिसके बाद 27 जनवरी को 14 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा शपथ-पत्र सहित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया कि सदस्यों का फर्जी हस्ताक्षर कराते हुए अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। जबकि 14 क्षेत्र पंचायत सदस्य अविश्वास के पक्ष में नहीं है। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी से जांचरिपोर्ट मांगा। डीपीआरओ ने जांच में पाया कि प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में से 10 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा इस आशय का शपथ-पत्र प्रस्तुत किया गया है कि वह अविश्वास के पक्ष में नही हैं। जिसमें नियाज अहमद क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-12, राजेश पटेल क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या 93, इंद्रजीत चौहान क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-21, पुष्पा क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-48, नंदलाल पंचायत वार्ड संख्या-पांच , सोनी क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-43, कमलावती क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-74, लालचंद क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-44, घनश्याम क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-75, रमेश राजभर क्षेत्र पंचायत वार्ड संख्या-82 ने गत 19 जनवरी तथा 27 जनवरी 2020 को जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अविश्वास के पक्ष में न होने का प्रस्तुत शपथ पत्र हस्ताक्षर किया गया है। जिनके हस्ताक्षर का मिलान किया गया। अविश्वास के पक्ष में प्रस्तुत 51 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 10 क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अविश्वास के पक्ष में न होने से मात्र 41 क्षेत्र पंचायत सदस्य अविश्वास के पक्ष में शेष हैं। नियम के तहत अविश्वास प्रस्ताव करने में क्षेत्र पंचायत के निर्वाचित सदस्यों के कुल संख्या के कम से कम आधे पक्ष में होने चाहिए। क्षेत्र पंचायत- रतनपुरा के निर्वाचित सदस्यों 93 के सापेक्ष आधे से कम 41 होने कारण अविश्वास प्रस्ताव ग्राह्य नही किया गया।