मुहम्मदाबाद गोहना। शासन के निर्देश पर तहसील स्तर पर हमारी संस्कृति, हमारी पहचान कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को मुहम्मदाबाद गोहना के पब्लिक महिला सहर पीजी कॉलेज में हुआ। इसमें 14 से 20 वर्ष किशोर वर्ग के प्रतिभागियों के अलावा 21 से 25 वर्ग के युवा वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में गायन, वादन, नृत्य विधा में किशोर और युवाओं की परख हुई। चयन समिति ने युवा वर्ग में स्नातक की छात्रा माहेश्वरी मौर्य और किशोर वर्ग में नीरज कुमार मौर्य के प्रदर्शन को सर्वश्रेष्ठ मानते हुए जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित किया।
निर्णायक टीम में नायब तहसीलदार गौरव शाह, मुहम्मदाबाद गोहना खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय, रानीपुर के खंड विकास अधिकारी, रामाकांत, सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह, पब्लिक महिला सहर कॉलेज के प्राचार्य आदि शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन वादन आदि का प्रदर्शन किया। खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय ने बताया कि शासन के सांस्कृतिक विभाग के निर्देश के क्रम में हमारी संस्कृति हमारी पहचान कार्यक्रम के तहत युवाओं की विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की परख के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। तहसील स्तर पर चयनित प्रतिभागी जिला और फिर मंडल उत्तर प्रदेश स्तर पर प्रतिभा करेंगे।