मऊ। मऊ जंक्शन पर ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान 48 घंटे की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। शाखाध्यक्ष सतिराम यादव की अध्यक्षता में शाखा के 45 लोको पायलट और सहायक लोको पायलट आंदोलन में शामिल रहे। वहीं लोको पायलट तथा सहायक लोको पायलट बिना अन्न जल के रेल का संचालन कर रहे हैं, रनिंग यम तथा ट्रेनिंग सेंटर में भोजन का बहिष्कार कर रहे हैं।
भूख हड़ताल को संबोधित करते हुए शाखाध्यक्ष सतिराम यादव ने कहा कि लोको पायलट और सहायक लोको पायलट की मांग है कि 70 प्रतिशत किलोमीटर भत्ते को आयकर से मुक्त किया जाय। लोको रनिंग स्टाफ को इंसेटिव कैटेगरी घोषित करते हुए मालगाड़ी के लिए अधिकतम आठ घंटे व यात्रीगाड़ी व मेल एक्सप्रेस के लिए अधिकतम 06 घंटे की ड्यूटी निर्धारित की जाए। वहीं महिला रनिंग स्टाफ के विशिष्ट शिकायतों का निवारण किया जाय। उन्होंने कहा कि एनपीएस और यूपीएस को रद्द करते हुए ओपीएस को फिर से बहाल किया जाय। एपीसी रिपोर्ट की अनुसंशा पर रात्रि ड्यूटी को अधिकतम 02 रात्रि तक सीमित किया जाय। इसके साथ ही कई अहम मांगें भी शामिल हैं। हड़ताल में शाखा सचिव शिवराम यादव, संजय कुमार भारती, नूर आलम अहमद, देवेंद्र कुमार, सुधीर यादव आदि रहे।