{"_id":"65ad008ea66883d18c0de918","slug":"laborer-working-for-solar-plant-died-due-to-electric-shock-in-mau-2024-01-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Mau News: सोलर प्लांट के लिए पोल गाड़ रहा था मजदूर, हाइटेंशन तार की चपेट में आकर गई जान; ठेकेदार के खिलाफ FIR","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mau News: सोलर प्लांट के लिए पोल गाड़ रहा था मजदूर, हाइटेंशन तार की चपेट में आकर गई जान; ठेकेदार के खिलाफ FIR
Sun, 21 Jan 2024 05:01 PM IST
प्रगति चंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मऊ
Published by: प्रगति चंद
Updated Sun, 21 Jan 2024 05:01 PM IST
सार
घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा मोड़ पर हुई। ट्रैकर की मदद से पोल गड्ढे में डाला जा रहा था। इसी दौरान पोल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार पावर के तार से टकरा गया। जिससे मजदूर उसकी चपेट में आ गया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
घोसी कोतवाली क्षेत्र के मझवारा मोड़ के पास शनिवार की देर रात सोलर प्लांट के लिए सड़क किनारे पोल गाड़ रहा एक मजदूर हाईटेंशन तार की जद में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतक के चाचा रामअवध राजभर की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित ठेकेदार के साथ अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।
विज्ञापन
यह है मामला
दर्ज मुकदमे के अनुसार सरायलंखसी थाना क्षेत्र के हथिनी गांव निवासी रामअवध राजभर ने बताया कि उसका भतीजा सुजीत (19) मजदूरी का काम करता था। बताया कि उसका भतीजा घोसी नगर से मुख्यालय वाले मार्ग पर निजी कंपनी द्वारा हो रहे सोलर पावर प्लांट के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। शनिवार की देर रात करीब 11 बजे ठेकेदार मधुबन मोड़ तक पोल गाड़ने का कार्य करने की बात कहकर सुजीत को ले गया।
विज्ञापन
आरोप है कि ठेकेदार ट्रैकर की मदद से मझवारा काली माता मोड़ पर पोल गाड़वा रहा था। पोल को ट्रैकर मशीन से लिफ्ट कर गढ्ढे में डालते समय पोल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार पावर के तार से टकरा गया। जिसके चलते हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मजदूर सुजीत राजभर की मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कोतवाल राजकुमार सिंह ने लाइन को कटवाने के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भिजवाया।
विज्ञापन
मृतक सुजीत दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। बड़ा भाई श्यामसुंदर राजभर बाहर कार्य करता है। इस संबंध में कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि रात्रि में ही मृतक सुजीत के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया गया। मृतक के चाचा रामअवध राजभर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।