पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने पालिका सभागार में पालिका के नवनिर्वाचित अधिवक्ताओं के साथ विधिक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में नगर पालिका परिषद से संबंधित वादों तथा जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल द्वारा कलेक्ट्रेट, तहसील एवं दीवानी न्यायालय, मऊ में विचाराधीन वाद रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट न्यायालय में 153 वादों में से 25 वादों की फाइलें तैयार पाई गई जबकि शेष वादों से संबंधित फाइलों को भी नवंबर के अंत तक तैयार करने के लिए निर्देश दिया। तहसील में 355 लंबित वाद में से मात्र 60 फाइलें ही पूर्ण पायी गयीं, पालिकाध्यक्ष ने अधिवक्तागण को निर्देशित करते हुए कहा कि शेष सभी वादों की फाइलें भी नवम्बर माह के अंत तक पूर्ण कर लें। पालिका के अधिवक्ता ने बताया कि दीवानी न्यायालय में पालिका के कुल 157 वाद विचाराधीन हैं जिन में से न्यायालय द्वारा हाल ही में 6 वादों का निस्तारण किया गया है। दीवानी न्यायालय के पैरोकार द्वारा वाद रजिस्टर पेश किये जाने पर उनके द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। अधिवक्ता विनोद राय ,संतोष कुमार सिंह, जावेद अहमद को पालिका के सभी वादों की प्रभावी पैरवी करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में कर अधीक्षक संतोष कुमार, राजस्व निरीक्षक अमृता राय, निर्माण लिपिक धर्मेन्द्र पांडेय आदि शामिल रहे।