मऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आचार संहिता के अनुपालन के लिए कड़ाई शुरू कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर आदि अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर उतरवा दिया।
पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता का अनुपालन शुरू कर दिया गया है। जगह-जगह लगे बैनर व पोस्टर हटने शुरू गए हैं। शनिवार को सुबह अधिशाषी अधिकारी नेतृत्व में बैनर व पोस्टर हटाए गए। कोपागंज प्रतिनिधि के अनुसार कसारा मोड़, भातकोल मोड़ आदि जगहों पर बड़े-बड़े राजनेताओं के साथ ही स्थानीय नेताओं के पोस्टर आदि हटा दिये गये। लोगों को जब जानकारी हुई तो कुछ लोग ने स्वयं पहुंचकर अपनी होर्डिंग वहां से उतरवा लिए। जिन लोगों ने होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि नहीं हटाया, उसे नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी जय प्रकाश यादव के निर्देश पर पंचायत कर्मियों ने हटवा दिया। थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी के निर्देश पर कोपागंज ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में प्रत्याशियों के लगे पोस्टर पुलिस कर्मियों ने हटावा दिया। रतनपुरा प्रतिनिधि के अनुसार आचार संहिता के अनुपालन में संभावित दावेदारों के लगे बैनर, पोस्टर और झंडे चौकी प्रभारी गंगासागर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल ने हटवा दिया।