Ghosi By Election: शिवपाल यादव बोले- यह उपचुनाव नहीं, भ्रष्टाचार बनाम जनता की लड़ाई, भाजपा की हार तय
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि पांच सितंबर को होने वाला घोसी उपचुनाव नहीं बल्कि भ्रष्टाचार बनाम जनता की लड़ाई है। इसमें जनता भ्रष्टाचार को लेकर माकूल जवाब देगी।
विस्तार
पांच सितंबर को होने वाला घोसी उपचुनाव नहीं बल्कि भ्रष्टाचार बनाम जनता की लड़ाई है। इसमें जनता भ्रष्टाचार को लेकर माकूल जवाब देगी। यह बात शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने शहर के बड़ागांव स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अतुल कुमार अनजान के आवास पर एक बैठक में कहीं।
शिवपाल यादव ने आगे कहा कि भाजपा अब तक की सरकारों में सबसे भ्रष्ट सरकार है। आगामी लोकसभा के चुनाव में इंडिया गठबंधन के बल पर चुनाव जीतेंगे। इस दौरान उन्होंने सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा। कहा कि उनकी कथनी एवं करनी में काफी अंतर है। वे, अपनी बातों पर अमल नहीं करते। इसलिए उनकी बातों को कोई वजूद नहीं है।
उपचुनाव में जीतेगा भाजपा प्रत्याशी
घोसी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी का चुनाव प्रचार करने आए कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह तथा कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्याशी भारी मतों से जीतेगा। यहां की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार घोसी में हर बूथ पर कमल खिलेगा। हमारी सरकार ने इतने जनहितकारी कार्य और योजनाएं चला रखी हैं कि जिसका लाभ प्रत्येक परिवार को मिल रहा है।