चंडीगढ़ सेक्टर 7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पांचवें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स में जनपद के 4 मास्टर एथलीट उत्तर प्रदेश के लिए 10 पदक जीतने में कामयाब रहे। इस प्रतियोगिता में देश भर के 21 राज्यों से सात सौ से अधिक महिला एवम पुरुष खिलाडिय़ों ने भागीदारी की।
एथलेटिक्स इवेंट्स में बरसठी विकासखंड के बनकट गांव के मास्टर एथलीट अजित यादव ने लांग जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। मछलीशहर विकासखंड के सराय यूसुफ गांव के मास्टर एथलीट संतोष कुमार ने जेवलिन थ्रो स्पर्धा में सिल्वर, डिस्कस थ्रो और ट्रिपल जंप में कांस्य पदक प्राप्त किया। सुजानगंज विकासखण्ड के बरहता ग्राम निवासी कमलेश कुमार यादव ने 30 प्लस आयु वर्ग में जेवलिन थ्रो में गोल्ड, दो सौ मीटर दौड़ और गोला फेंक में कांस्य पदक प्राप्त किया। करंजाकला विकास खण्ड के धर्मेश कुमार ने पैंतीस प्लस आयु वर्ग में लांग जंप में सिल्वर और गोला फेंक में कांस्य पदक प्राप्त किया। साथ ही सौ गुणा चार रिले रेस में उत्तर प्रदेश को कांस्य पदक दिलाने में जनपद के खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन खिलाडियों के प्रर्दशन पर मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन जौनपुर के अध्यक्ष जिलाजीत यादव, ओंकार यादव, विनय कुमार, युवा नेता विजय श्याम यादव, डॉ हेमंत, सिकंदर बहादुर मौर्य, प्रकाश चंद्र, जितेंद्र कुमार, संतोष कुमार, राजबहादुर आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।