दोहरीघाट। सरयू नदी का जलस्तर लगातार दूसरे दिन 20 सेमी बढ़ा। शनिवार को तीन दिनों के बाद नदी का जलस्तर 5 सेमी बढ़ा था। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने का कस्बा सहित तटवर्ती इलाके के लोगों को प्रशासन ने सतर्क कर दिया है। 24 घंटे में नदी के जलस्तर में 20 सेमी की वृद्धि दर्ज की गई।
बढ़े जलस्तर के कारण नदी का पानी भारतमाता मंदिर की दीवार से टकरा रहा है। इससे ऐतिहासिक धरोहरों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। गौरी शंकर घाट पर रविवार को नदी का जलस्तर 69.55 मीटर दर्ज किया गया। शनिवार को नदी का जलस्तर 69.35 मीटर था। इस तरह 24 घंटे में नदी का जलस्तर में 20 सेमी की बढ़ोतरी हुई। नदी अब खतरे के बिंदु 69.90 मीटर से 35 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। नदी के बार-बार घटने बढ़ने से लोग भयभीत हैं। नदी की तेज लहरें भारत माता मंदिर, शमशान घाट, खाकी बाबा की कुटी पर सीधे टक्कर मार रही हैं। नदी के बढ़ने से नगर की ऐतिहासिक धरोहरों दुर्गा मंदिर, लोक निर्माण विभाग का डाक बंगला, डीह बाबा का मंदिर, शाही मस्जिद, हनुमान मंदिर पर खतरा मंडराने लगा है। वहीं तटवर्ती इलाके धनौली रामपुर, नई बाजार, नौली, रामनगर, बहादुरपुर, सरया, पतनई, गोधनी, बीबीपुर, ठाकुर गांव, ताहिरपुर, जमीरा चौराडीह, कोरौली, बेलौली, महुआबारी, रसूलपुर, सूरजपुर आदि गांवों के लोगों को बाढ़ से होने वाले नुकसान की चिंता सताने लगी है।

दोहरीघाट में सरयू नदी का बढ़ा जलस्तर।संवाद