{"_id":"59eb88924f1c1bca678b6ad1","slug":"91508608146-mau-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुलिस स्मृति दिवस पर याद किए गए शहीद की खबर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुलिस स्मृति दिवस पर याद किए गए शहीद की खबर
Updated Sat, 21 Oct 2017 11:19 PM IST
विज्ञापन
मऊ। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाईन स्थित शोक सभा स्थल पर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने विगत एक वर्ष में वीरगति प्राप्त पुलिसजनों को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस स्मृति दिवस पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह ऐतिहासिक शौर्यगाथा 58 वर्ष पूर्व की है। जब 21 अक्तूबर 1959 को देश की उत्तरी सीमा लद्दाख के बर्फीले निर्जन एवं दुरूह क्षेत्र में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवान अपनी नियमित गश्त पर निकले थे। उसी दौरान घात लगाकर स्वचालित रायफलों व मोर्टारों से लैस चीनी सैनिकों ने छल पूर्वक हमारे वीर जवानों पर आक्रमण कर दिया। केन्द्रीय पुलिस बल के इन बहादुर जवानों ने साधारण असलहों के बावजूद भी अत्यंत साहस एवं वीरतापूर्वक शत्रु सेना का मुकाबला करते हुए मातृभूमि की रक्षा में सभी 10 पुलिसजनों ने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति दे दी। 01 सितम्बर 2016 से 31 अगस्त 2017 तक की अवधि में संपूर्ण भारतवर्ष में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों का बलिदान करने वाले 370 पुलिसजनों में उत्तर प्रदेश के 76 पुलिसजन सम्मिलित हैं। इनमें 02 पुलिस उपाधीक्षक, 01 निरीक्षक, 15 उप निरीक्षक, 03 मुख्य आरक्षी(पी), 01 मुख्य आरक्षी पीएसी, 11 मुख्य आरक्षी, 41 आरक्षी व 01 आरक्षी चालक है। इन वीर पुलिसकर्मियों का राष्ट्र प्रेम, समर्पित भाव एवं प्राणों का बलिदान भावी पीढ़ी को भी कर्तव्यपथ पर निर्भीकता से अग्रसर होने की प्रेरणा देता रहेगा। हमें पुलिस के इन वीर जवानों पर गर्व है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवाजी शुक्ला, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, सभी थानाध्यक्ष, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक व अन्य पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। घोसी संवादाता के अनुसार शनिवार की शाम पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीदों की याद में कोतवाली डीके श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाने में दीप जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
विज्ञापन