मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के कार्यो की समीक्षा की। समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में 781 जोड़े लाभान्वित हो चुके हैं। दो मार्च को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन विकासखंड परदहा में प्रस्तावित है, जिसके लिए अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जा रहे हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के दौरान अभी भी कुछ लाभार्थियों के आधार सीडिंग न होने पर जिलाधिकारी ने इसे शीघ्र ही पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की चर्चा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में 73 छात्र पंजीकृत हैं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के रिक्त ब्लॉक में प्रतियोगी परीक्षाओं के निशुल्क प्रशिक्षण के संचालन के साथ ही पुस्तकालय की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि नीट/जेईई की कक्षाएं नौ फरवरी से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में संचालित हो रही हैं। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष में बजट के सापेक्ष दिव्यांग उपकरणों का वितरण कार्य पूर्ण हो चुका है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।