Mau News: सोते रहे लोग, चोर खंगाल ले गए पूरा घर; एक ही रात में पांच घरों को बनाया निशाना; जांच में जुटी पुलिस
Mau Crime News: मऊ जिले में एक रात में पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाया। सभी घरों में लोग सो रहे थे, लेकिन चोरी की घटना की किसी को भनक तक नहीं लगी। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब वे सुबह सोकर उठे।
विस्तार
मऊ जिले की मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कोलौरा गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने पांच घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान छह लाख की नकदी सहित 30 लाख के सोने चांदी के आभूषण और अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह जागने पर हुई। सूचना पर पहुंचकर पुलिस उपाधीक्षक कोतवाल और जनपद से फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल की। चोरी की ये घटना 10 साल में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र की सबसे बड़ी बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोलौरा गांव की राजपूत बस्ती में चोरों ने सुबोध सिंह, देवेंद्र सिंह, राम रुचि सिंह और भानु प्रताप सिंह के अलावा दलित बस्ती में संतोष के घर में लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने चैनल खिड़की की ग्रिल काटकर और सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी, बक्सा आदि का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया।
इसे भी पढ़ें; Varanasi: काशी में नाग पंचमी मेले पर भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन, पहलवानों ने किया कुश्ती कला का प्रदर्शन
इस घटना को लेकर सीओ मुहम्मदाबाद गोहना शीतलाप्रसाद पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम के साथ उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर जांच की है। इस दौरान उन्होंने पाया कि चोरों ने खिड़की तो कहीं चैनल गेट को तोड़कर अंदर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान हर घर में सदस्य मौजूद थे लेकिन, गहरी नींद के चलते उन्हें चोरों के आने की आवाज नहीं हो सकी। इसको लेकर पुलिस टीम जांच में जुटी है, जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।