मऊ। नगर पालिका मऊ और जिले की दस नगर पंचायतों में बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे से 156 घंटे के विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई। नगर में इसकी शुरुआत ढेकुलिया घाट पर ईओ दिनेश कुमार के नेतृत्व में हुई। अलग-अलग सामाजिक संगठनों के साथ नगर पालिका के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक घंटे श्रमदान किया। उसके बाद 45 वार्ड के लिए बनी 90 टीमों ने सफाई शुरू की। इसी तरह से सभी निकायों में सफाई की गई।
ईओ दिनेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे से 156 घंटे तक नगर पालिका की ओर से 45 वार्ड में विशेष अभियान के तहत सफाई की जाएगी। बताया कि नगर के 15 स्थान ऐसे चिह्नित किए गए हैँ, जहां अभियान के तहत न केवल सफाई की जाएगी बल्कि यहां आवश्यकता अनुसार सुंदरीकरण भी किया जाएगा। बताया कि अभियान के लिए 45 वार्ड में 135 टीमें बनाई गई हैं। इसमें प्रत्येक टीम आठ-आठ घंटे सफाई करेगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी वार्डों की सड़क और नाली की सफाई करने वाले सफाईकर्मियों के नाम और सफाई के विवरण के साथ कूड़ा एकत्र करने वाले कार्मिक का नाम और कूड़ा कलेक्शन प्वाइंट आदि बिंदु सम्मिलित करते हुए रिपोर्ट सफाई निरीक्षक देंगे। वह खुद इस अभियान की हर घंटे माॅनिटरिंग करेंगे। इससे पहले चिरैयाकोट, दोहरीघाट, कोपागंज, मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, मधुबन, अदरी, अमिला, वलीदपुर सहित सभी निकायों में इस अभियान की शुरुआत की गई।