मऊ। ईद पर्व की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। अब दुकानों में इत्र, टोपी और सेवइयों की खरीदारी तेज हो गई है। सेवइयों के लिए मेवा लेनेवालों की भीड़ दुकानों में उमड़नी शुरू हो गई। लोगों में उत्साह का माहौल रहा। ईद का पर्व पांच, छह जून को मनाया जाएगा। ईद का पर्व नजदीक आते ही नगर के सहादतपुरा, मुुंशीपुरा, सिंधी कालोनी, चौक,औरंगाबाद, भीटी सहित जिले के मधुबन, घोसी, सूरजपुर, मुहम्मदाबादगोहना, वलीदपुर सहित विभिन्न बाजारों में देर शाम तक बाजारों में चहल पहल रही। बाजार की दुकानों पर तरह-तरह की सेवाइयों का पैकेट 130- 140 रुपया प्रति किलो की दर से बिक रही थी। धागे और कपड़े से बनी टोपियों की बिक्री बढ़ गई है टोपी के अलावा अलग-अलग डिजाइन में बुर्के की डिमांड भी बढ़ी है। इस संबंध में मनोज कुमार सिंधी ने बताया कि मध्यम वर्ग के लोग लुंगी, कुर्ता ज्यादा पसंद कर रहे हैं। बच्चे, युवा जिंस शर्ट पैंट खूब पसंद कर रहे हैं। जिसकी रेंज 400 रुपये से शुरू होकर चार हजार रुपया से अधिक तक है। नगर के सहादतपुरा के साड़ी व्यवसायी सुरेश कल्यानिया ने बताया कि ईद के मद्देनजर काटन साड़ी, सिल्क साड़ी की मांग हैं। काटन साड़ियां 400 से एक हजार रुपये तथा सिंथेटिक साड़ियां एक हजार से दो हजार रुपये से अधिक रेंज तक बिक रही है।मझवारा संवाददाता के अनुसार ईद पर्व में चंद दिन ही शेष रह गया है, लेकिन तैयारी जोरों पर चल रही है। दुकानों पर खाद्य सामग्रियों पर सेवाइयों की खूब खरीदारी हो रही है। कपड़े की दुकानों पर टोपी, कुर्ता, पाजामा, लुंगी, परफ्यूम आदि की मांग बढ़ी है।