फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   Name of Ram in the morning in homes and temples, donation of lamps in the evening

Mathura News: घरों-मंदिरों में सुबह राम नाम, शाम को दीपदान

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 23 Jan 2024 12:51 AM IST
विज्ञापन
Name of Ram in the morning in homes and temples, donation of lamps in the evening
मथुरा-वृंदावन। चहुंओर राम नाम की गूंज, मंदिरों की भव्य सजावट, चौक चौराहों पर गूंजती रामचरित मानस की चौपाइयां, राम की छवि वाली पताकाओं से अटीं गलियां, जहां देखो बस राम की भक्ति में खोए ब्रजवासी। यह दृश्य देख यूं लग रहा था मानों ब्रज का कण-कण आज राममय हो गया है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का जगह-जगह एलईडी के जरिए लाइव प्रसारण देखते लोगों की भीड़, भंडारों में प्रसाद वितरण का दृश्य, श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भगवान राम के स्वरूप में दर्शन देते ठाकुरजी भक्तों का मन मोह रहे थे।
विज्ञापन


दोपहर 12:29 बजे जैसे ही अयोध्या के भव्य मंदिर में प्रभु श्रीराम लला के विग्रह से पट्टी हटी, तो दिव्य-भव्य अलौकिक रूप देख लाइव प्रसारण देख रहे रामभक्त खुशी से नाच उठे। लोगों की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। रामभक्तों ने शंखनाद कर, घंटे घड़ियाल, मजीरा, चिमटा और अन्य वाद्य यंत्र बजाते हुए जयश्री राम के उद्घोष से माहौल गुंजायमान कर दिया। होलीगेट, क्वॉलिटी तिराहा, मसानी, सिविल लाइंस, घीया मंडी आदि जगहों पर आतिशबाजी की गई।
विज्ञापन


बाजार में व्यापारियों ने भी पटाखे छोड़े। रामभक्तों ने जगह-जगह भंडारे लगाकर हलुवा, पूड़ी- सब्जी, मिष्ठान और फलों आदि का प्रसाद वितरण किया। जगह-जगह शोभायात्राएं और वाहन रैली निकाली गईं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ठाकुर द्वारिकाधीश आदि मंदिरों में दीपदान किया गया। आराध्य की आरती उतारी गई और भजन संध्या का अयोजन किया गया। शाम को लोगों ने घरों में दीपदान कर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दिवाली सा उत्सव बना दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन



ठाकुर बांकेबिहारी ने श्रीराम स्वरूप में दिए दर्शन
वृंदावन में ठा. बांकेबिहारी ने भगवना राम के स्वरूप में दर्शन दिए। अन्य मंदिरों में भी आराध्यों को भगवान राम का रूप दिया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। बांकेबिहारी मंदिर को गर्भगृह के द्वार से लेकर चौक और मुख्य द्वार तक रंगबिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। सेवायत रजत गोस्वामी ने बांकेबिहारी महाराज का राम स्वरूप में शृंगार किया। पहली बार आराध्य के राम स्वरूप में दर्शन कर भक्त भावविभोर हो गए। वहीं शाम को सेवायत केडी गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी ने बांकेबिहारी महाराज का श्रीराम स्वरूप में शृंगार किया। ठाकुरजी ने स्वर्ण मुकुट, रजत जड़ि़त धनुष बाण धारण कर भक्तों को दर्शन दिए।


श्रीराधावल्लभ मंदिर में भी आराध्य ने भगवान राम के स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। इस्कॉन मंदिर में रामोत्सव के अवसर पर देशी-विदेशी भक्तों द्वारा मंदिर को पुष्पों, विद्युत झालरों से सजाया गया। मंदिर में भगवान कृष्ण ने राम स्वरूप में भक्तों को दर्शन दिए। शाम को दीपदान किया गया। ठा. राधादामोदर मंदिर में सेवायत कृष्ण बलराम गोस्वामी ने आराध्य राधादामोदर का श्रीराम स्वरूप में शृंगार किया। श्री स्नेह बिहारी मंदिर में भी आराध्य ने भक्तों को प्रभु राम के स्वरूप में दर्शन दिए। दक्षिण भारतीय रंग मंदिर में भगवान राम का विशेष पूजन अर्चन किया गया। मंदिर को रंगबिरंगे गुब्बारों और ध्वज पताकाओं से सजाया गया।

श्रीकृष्ण-राधा ने धरा सियाराम का रूप

श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विराजमान भगवान श्रीकेशवदेव महाराज ने श्रीराम रूप में एवं भागवत भवन स्थित श्रीराधा-कृष्ण युगल सरकार ने श्रीसियाराम रूप में दर्शन दिए। श्रीराधाकृष्ण को राम रूप देने के लिए उनका विशिष्ट शृंगार किया गया। सुबह हवन-पूजन, पुष्प सहस्त्रार्चन, दोपहर में ठाकुरजी की विशेष महाआरती की गई। गायक जगदीश ब्रजवासी एवं उनकी मंडली ने मंगल भजन गाए। शाम को जन्मभूमि प्रांगण में दीपदान किया गया।
इस दौरान दिवाली जैसा माहौल नजर आया। अति प्राचीन छत्ता बाजार में गली सेठ भीकचंद में स्थित श्री राम मंदिर में रामलीला मंडल द्वारा सुंदर कांड पाठ किया गया। भगवान श्री राम को छप्पन भोग अर्पित किए गए। गऊ घाट स्थित श्रीराम कनक भवन मंदिर में प्रभु श्रीराम का पंचामृत अभिषेक किया गया। मंदिर ठा. रामचंद्र महाराज घीया मंडी में सेवायत चंद्रप्रकाश पुजारी ने श्रीराम का अभिषेक किया। भव्य फूल बंगला सजाया।


सौ से अधिक अधिकारी लगाए
मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, हवन, सामूहिक आरती, राम संकीर्तन किए गए। सामूहिक दीपदान किया गया। महिलाओं ने मंदिरों में बधाई गीत गाए। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने 100 से अधिक मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारी व्यवस्थाओं के लिए लगाए। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मंदिरों पर व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed