Mathura News: आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर दिनदहाड़े 20 किलो चांदी लूट ले गए बदमाश, वारदात सीसीटीवी में कैद
मथुरा में बाइक सवार बदमाश आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर दिनदहाड़े 20 किलो चांदी लूट ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में रविवार को आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बाइक सवार दो बदमाश दिनदहाड़े स्कूटी सवार से 20 किलो चांदी लूट ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस पर पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम
घटना गोविंदनगर थाना क्षेत्र की द्वारिकेशपुरी कॉलोनी के निकट की है। चांदी कारोबारी एडवोकेट प्रभुदयाल गुप्ता का नौकर मोतीलाल दोपहर करीब एक बजे बैरागपुरा गोविंदनगर के कारखाने से चांदी की पायलों की सफाई कराकर द्वारिकेशपुरी स्थित दुकान पर लौट रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश चलती स्कूटी से चांदी की पायलों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। मोतीलाल बदमाशों को पकड़ने के लिए दौड़ा। इसने एक बदमाश को पकड़ भी लिया।
यह भी पढ़ेंः- बेवफाई न हुई बर्दाश्त: प्रेमी ने प्रेमिका को दी दर्दनाक मौत, लाश को इस तरह लगाया ठिकाने, पुलिस भी रह गई हैरान
मौके पर एसएसपी के साथ पहुंचे आईजी
इसी बीच दूसरे बदमाश ने मोतीलाल की आंखों में मिर्च पाउडर छिड़क दिया और दोनों फरार हो गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे। सूचना पर ताना पुलिस के साथ ही आईजी दीपक कुमार, एसएसपी शैलेश पांडेय, एसपी सिटी मार्तंड प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।