Bharatpur News: सराफ व्यवसायी की दुकान से 85 लाख से अधिक की चोरी, नकाब पहने छह चोरों ने की वारदात
भरतपुर जिले के जुरहरा कस्बे में चोरों ने सोमवार रात को एक सराफ व्यवसायी की दुकान पर निशाना बनाया। चोर दुकान से 95 किलो चांदी और 450 ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर ले गए।
विस्तार
भरतपुर जिले के जुरहरा कस्बे के चोपड़ा बाजार स्थित सराफा व्यापार संघ व जुरहरा जैन समाज के अध्यक्ष महेंद्र कुमार जैन की दुकान का शटर और चैनल तोड़कर चोर 95 किलोग्राम चांदी के जेवरात व 450 ग्राम सोने के जेवर चुरा ले गए। इसकी कीमत 85 लाख से अधिक बताई गई है।
वारदात की जानकारी दुकान स्वामी को मंगलवार सुबह छह बजे मिली। घटना से नाराज कस्बे के व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलीं। व्यापारियों ने सीओ कामां प्रदीप यादव और थानाधिकारी जयप्रकाश से चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। इसके बाद व्यापारी थाने के सामने धरने पर बैठ गए।
नकाब पहनकर आए थे चोर
महेंद्र कुमार जैन ने बताया कि प्रतिदिन की तरह सोमवार रात आठ बजे वह अपनी दुकान को बंद कर घर गए थे। मंगलवार सुबह छह बजे दुकान पर आने पर शटर व चैनल टूटा होने पर वारदात का पता चला। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले छह आरोपी पूरी तरह नकाब लगाकर व आंखों पर काला चश्मा लगा कर आए थे।
चोरों ने दुकान में घुसते ही पहले सीसीटीवी कैमरों को तोड़ा। उसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की घटना पास की ही एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सबसे पहले चोरों ने दुकान की साइड में स्थित जीने में लगे बल्ब के बटन को बंद किया और उसके बाद शटर व चैनल गेट को तोड़ कर दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ने के बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया।
पोटली में भरकर ले गए जेवरात
सीसीटीवी कैमरों में पांच चोर सिर पर जेवरात को पोटली में भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। एक चोर खाली जाता हुआ दिखाई दे रहा है। थाने के बाहर दिए धरने में डांग विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष जवाहर सिंह बेढम भी शामिल हुए। घटना के समय से यह प्रतीत होता है कि चोर ने पहले कई दिन तक दुकान की रेकी की है। थानाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।