छाता। छाता-बहरावली मार्ग स्थित प्राचीन खेरा वाली मंदिर में विराजमान खेरा वाली मैया की मूर्ति को असामाजिक तत्वों ने शुक्रवार रात खंडित कर दिया। इससे लोगों में आक्रोश है।
शनिवार सुबह गांव के लोग पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो देखा कि मूर्ति को किसी ने ईंट-पत्थरों से निशाना बनाए है। मूर्ति के दोनों हाथों को खंडित कर दिया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। लोगों ने आक्रोश प्रकट किया। मौके पर कोतवाली प्रभारी कमलेश सिंह मय फोर्स पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। लोगों ने बताया कि रात में मंदिर में कोई नहीं रहता है, ताला लगा रहता है। लोगों ने अंदेशा जताया कि यह कार्य किसी मूर्ति तस्कर का हो सकता है। एसडीएम वैभव गुप्ता व कोतवाली प्रभारी ने लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दौरान राहुल सिंह, हेतो चौधरी, वीरेंद्र सिंह, अजय कुमार, रोहतास, शिव सिंह, जगदीश सिंह, लेखराज सिंह, पंडित आशीष शर्मा आदि मौजूद रहे।