Mainpuri: हाईटेंशन लाइन पर चढ़ा युवक, समझाते रहे लोग, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, कारण जान हैरान रह जाएंगे...
मैनपुरी में घर वालों से झगड़ा करने के बाद युवक हाईटेंशन लाइन पर चढ़ा गया। लोग समझाते रहे, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। यह हाईवोल्टेज ड्रामा घंटों चला।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शनिवार की शाम एक युवक हाईटेंशन तार पकड़ कर लटक गया। लोगों ने देखा तो मौके पर भीड़ लग गई। लोग काफी देर बाद उसे समझा पाए और नीचे उतारा। इस दौरान काफी समय तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चला। लाइनमैन ने युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
लोगों ने देखा तो वहां भीड़ लग गई
घटना कोतवाली क्षेत्र के जगरूपपुर गोलाबाजार गांव की है। गांव निवासी विक्रम सिंह का घरवालों से विवाद हो गया। इसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकल गया। वह गांव के बाहर बिजली के खंभे में ऊपर चढ़ गया। वहां से हाईटेंशन लाइन के तार पर चढ़ गया। वह केबल पर जाकर बैठ गया। लोगों ने देखा तो वहां भीड़ लग गई। जानकारी मिलने पर सिविल लाइन उपकेंद्र पर तैनात लाइनमैन राहुल पाल भी मौके पर पहुंचा।
लाइनमैन ने युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी
लाइनमैन सहित गांव के लोग उसे समझाने का प्रयास करते रहे। लेकिन, वह मानने को तैयार नहीं था। काफी समझाने के बाद लोगों ने उसे नीचे उतारा। यह हाईवोल्टेज ड्रामा करीब एक घंटे तक चला। युवक के नीचे उतरने के बाद लाइनमैन ने युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
सप्लाई चालू होती तो चली जाती जान
लाइनमैन ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि जिस समय युवक हाईटेंशन लाइन पर चढ़ा था। उस समय सौभाग्यवश फीडर की सप्लाई उपकेंद्र से बंद थी। इस कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। लाइन पर चढ़ने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।