Mainpuri: मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, दो फरार, दोनों पर 20-20 हजार का इनाम घोषित, पुलिस टीमें कर रहीं तलाश
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में पुलिस से मुठभेड़ के दौरान चार बदमाश पकड़े गए। जबकि दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पुलिस ने दोंनों की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार का इनाम घोषित किया है। एएसपी ने बताया कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
कुरावली थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम पुलिस की शातिर लुटेरों के गैंग से मुठभेड़ हो गई थी। गैलानाथ नहर पुल के पास हुई मुठभेड़ में हासिम मोहम्मद निवासी भरतन थाना नवाबगंज फर्रुखाबाद पैर में गोली लगने से घायल हो गया था। उसके चार अन्य साथी कलाम, मोहम्मद हुसैन उर्फ हसीन, जॉनी उर्फ रिषभ, अभय यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, भेजे गए जेल
पुलिस ने रविवार को घायल और साथियों का मेडिकल कराया। इसके बाद न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एएसपी राजेश कुमार ने बताया की कार्रवाई के दौरान इरफान और आशीष निवासी मोहल्ला कुवरपुर कुरावली अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए हैं। उनकी गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपया का इनाम घोषित किया गया है। भागे हुए आशीष पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
करीब सात लाख के जेवर हुए बरामद
शनिवार की रात कुरावली पुलिस ने मुठभेड़ में पांच बदमाश गिरफ्तार किए। उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपया के जेवर आदि बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि करीब 15 सोने की अंगूठी, छह सोने के कंगन, पांच सोने की चेन, दो जोड़ी कान की झुमकी, एक हार, 13 जोड़ी पायल के अलावा चार मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। बताया कि बदमाशों द्वारा कुरावली के मोहल्ला कुंवरपुर, थाना किशनी, बरनाहल, औंछा, सदर कोतवाली क्षेत्र में भी चोरी की वारदात अंजाम दी गई थी।