Mainpuri: सीएम योगी का दौरा, मूर्ति अनावरण के साथ करेंगे जनसभा, केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी होंगे शामिल
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10.25 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से सिंधिया तिराहे पर बने हैलीपेड पर पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री सिंधिया तिराहे पर स्थापित की गई माधव राव सिंधिया की मूर्ति का अनावरण करेंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मैनपुरी आ रहे हैं। वे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ दिवंगत केंद्रीय मंत्री माधव राव सिंधिया की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई मंत्रियों के शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मैनपुरी में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10.25 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से सिंधिया तिराहे पर बने हैलीपेड पर पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री सिंधिया तिराहे पर स्थापित की गई माधव राव सिंधिया की मूर्ति का अनावरण करेंगे। इस दौरान उनके साथ माधव राव सिंधिया के बेटे और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान सिंधिया तिराहे पर एक खाली खेत में तैयार किए गए पंडाल में जनसभा को भी मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। वे लगभग एक घंटे तक जिले में रहेंगे। 11.40 बजे वे राजकीय हेलीकॉप्टर से सैफई हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगे।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री अनूप प्रधान, राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव और विधायक रामनरेश अग्निहोत्री शामिल होंगे। वहीं मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री महेंद्र प्रताप सिसौदिया समेत अन्य मंत्री भी शामिल हो सकते हैं। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा के साथ ही कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। कुल 231.75 करोड़ की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और 44.65 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा 256.60 करोड़ की औद्योगिक इकाइयों का सामूहिक उद्धाटन व शिलान्यास करेंगे।