Mainpuri News: रजबहा में डूबने से बालक की मौत, बकरियां चराने गया था; पैर फिसलने से पानी में गिर गया
मैनपुरी में रजबहा में डूबने से बालक की मौत हो गई। वह बकरियां चराने गया था। पैर फिसलने से पानी में गिर गया और डूब गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सोमवार की शाम बकरियां चराने गया एक बालक रजबहा में गिर गया। साथियों ने बचाने का प्रयास भी किया लेकिन सफल नहीं हो सके। डूबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
घटना घिरोर थाना क्षेत्र के नगला बौना गांव की है। गांव निवासी शिवम (11) सोमवार की शाम साथी आदित्य कुमार, सनी ,संगम, शालू, बिट्टन देवी के साथ बकरियां चराने गया था। शाम करीब चार बजे शिवम का पैर फिसल गया और वह रजबहा में गिर गया। उसे डूबता देख साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन किसी को कामयाबी नहीं मिल सकी। बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए।
यह भी पढ़ेंः- Mainpuri News: तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर, पत्नी की मौत जबकि पति की हालत नाजुक
मौजूद लोगों ने मशक्कत के बाद शिवम को रजबहा से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन सीएचसी गोधना ले गए। वहां से मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख पुकार मच गई। इटावा में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद मंगलवार को शव गांव पहुंचा। गमगीन माहौल में बालक का अंतिम संस्कार किया गया।
पिता के कत्ल में जेल में बंद है मां रजनी
गांव नगला बौना निवासी शिवम के अलावा उसका एक बड़ा भाई भी है। मां रजनी पिता सीताराम के कत्ल के मामले में वर्ष 2018 से जेल में बंद है। शिवम और उसके भाई सत्यम की परवरिश दादी कर रही थी। शिवम नगला केहरी स्थित जेएस इंटर कॉलेज में कक्षा चार का छात्र था। ग्रामीणों ने बताया कि पढ़ने में होशियार था।
यह भी पढ़ेंः- श्रद्धालु की बेटी का दिनदहाड़े अपहरण: परिवार सहित दर्शन करने आए थे, राहगीरों ने आरोपी साधु वेशधारी को दबोचा
साथियों ने किया था बचाने का प्रयास
शिवम के साथ बकरियां चराने गए दोस्तों ने भी उसके बचाने का हर संभव प्रयास किया। कुछ बच्चे छोटे होने की वजह से हाथ नहीं पकड़ सके। वहीं बिट्टन ने शिवम को बचाने के लिए अपना दुपट्टा रजबहा में डाला। लेकिन शिवम दुपट्टा पकड़ने में कामयाब नहीं हो सका।