भरवारा (महोबा)। विकासखंड पनवाड़ी के भरवारा गांव के सिद्घबाबा स्थान पर मकर संक्रांति के मौके पर एक दिवसीय दंगल का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली के विदुर पहलवान ने सोनीपत के पुष्पेंद्र को पटकनी देकर कुश्ती जीतीं। समिति की ओर से विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। दंगल देखने के लिए कई गांवों के सैकड़ों की संख्या में भीड़ जुटी रही।
सिद्ध बाबा मेले में दंगल का शुभारंभ निवर्तमान चारुआ प्रधान रामशरण राजपूत ने फीता काटकर किया। पहली कुश्ती चुरारी के सुरेंद्र व राठ के हरी सिंह के बीच हुई। दस मिनट तक चली कुश्ती में सुरेंद्र पहलवान विजेता रहे। छतरपुर के मुकेश ने लीगा के प्रीतम को चित किया। चित्रकूट के रामसिंह को गौतमबुद्घनगर के राजकुमार ने पांच मिनट की जोर आजमाइश के बाद पटकनी देकर कुश्ती जीत ली। बुड़ेरा के अरविंद ने सिलालपुरा के शैलेंद्र को हराया। सिलालपुरा के पहलवान सतीश ने बुड़ेरा के भगत सिंह को चित किया। पीलीभीत के विजय व चुरारी के देवेंद्र के बीच हुई कुश्ती बराबरी पर छूटी। प्रत्येक अच्छी कुश्ती पर दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। विजेता पहलवानों को 1100 रुपये से 5100 रुपये तक की नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर संचालक डॉ. हरीसिंह महान, राजू राजपूत, जयसिंह राजपूत, मुकेश राजपूत, अमरीश रावत, मानिक राजपूत आदि मौजूद रहे।