कुलपहाड़ (महोबा)। रबी सीजन की बोआई का समय शुरू होने से पहले ही किसान डीएपी की व्यवस्था में जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को बी-पैक्स कुलपहाड़ में खाद वितरण की जानकारी पर सैकड़ों की संख्या में किसान पहुंच गए।
अधिकांश किसानों से चेक व कागजात जमा कराए गए। खाद को लेकर पूरे दिन गहमागहमी रही। पिछले दो वर्षों से डीएपी की किल्लत से किसान परेशान रहे। इसे देखते हुए सहकारिता विभाग ने इस वर्ष तैयारी कर ली है। किसान हरिओम, सतीश, जयकरण, रामसेवक ने बताया कि रबी सीजन की बोआई के लिए खाद को लेकर भारी मारामारी रहती है। इसीलिए पहले से ही खाद की व्यवस्था कर रहें। बी-पैक्स के सचिव पीयूष चौरसिया ने बताया कि निष्पक्षता से किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी। करीब दो हजार किसान समिति के सदस्य हैं।