महोबा में बोले सीएम, अन्ना जानवरों से छुटकारा जल्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुंदेलखंड को बिजली की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री ने महोबा जिले के चार और झांसी, ललितपुर जिलों के दो सोलर प्लांटों का कनकुआ से ही बटन दबाकर लोकार्र्पण किया। एक सोलर प्लांट का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि सूखे के संकट में लोगों को समाजवादी सरकार ने भोजन उपलब्ध कराया है, जिससे कोई भी गरीब भूखा नहीं सो सका। अब अन्ना पशुओं के लिए भी चारे-पानी की व्यवस्था प्रदेश सरकार जल्द करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इकलौता भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान झांसी में खोला गया है। अन्ना पशुओं के चारे पानी की व्यवस्था कैसे हो, इस बाबत संस्थान के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि तीन साल में केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया है। उल्टा नोटबंदी करके अर्थ व्यवस्था प्रभावित कर दी। इससे विकास कार्यों पर प्रभाव पड़ेगा। पैसे वाले लोग लाइन में नहीं लगे, केंद्र ने गरीबों को लाइन में लगवा दिया। इससे 125 से ज्यादा लोगों की बैंकों की लाइन में मौत हो गई। केंद्र ने सर्जिकल स्ट्राइक करके हमारे देश के तमाम सैनिक शहीद करा दिए। भाजपा सरकार में जितने सैनिक शहीद हुए उतने सैनिक आजतक शहीद नहीं हुए। उन्होंने बसपा पर भी प्रहार किया। कहा, हाथी वाली पार्टी टिकट के नाम पर लेनदेन करती है। अब भाजपा की नोटबंदी की सर्जिकल स्ट्राइक में हाथी वाली पार्टी हिसाब किताब में फंस गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में सूखे और ओलावृष्टि से परेशान किसानों की केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की, जबकि प्रदेश सरकार ने ओलावृष्टि और सूखे पर किसानों को मुआवजा दिया। प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर बिजली स्टेशन तैयार किए हैं, जिससे अब शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली मिल रही है। सभी सोलर प्लांटों के तैयार हो जाने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी 24 घंटे बिजली मिलेगी। प्रदेश सरकार ने 39 हजार नौजवानों की भर्ती की है। शिक्षा पर बेहतर व्यवस्था कर रही है। इससे शिक्षा पाने के बाद लोगों को रोजगार भी मिलेगा। बुंदेलखंड में एक सैकड़ा से ज्यादा तालाबों की खुदाई कराई है, जो आज तक किसी सरकार ने नहीं कराई। इससे बुंदेलखंड के लोगों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल रहा है।