बंधे की मिट्टी बारिश से धंस गई, बढ़ी समस्या
पनियरा(महराजगंज)। क्षेत्र के रोहिन नदी के जर्दी डोमरा एवं बड़हरा लाला अनंतपुर बांध की मिट्टी बारिश के दौरान जगह-जगह धंस रही है। लोगों का आरोप है कि सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों द्वारा रोहिन नदी के बंधे की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रानीपुर, औरहिया, लक्ष्मीपुर, जर्दी, बड़हरा लाला, सुचितपुर गांव के पास जगह-जगह बंधे की मिट्टी बारिश के दौरान कटकर गिर गई है जहां छेद बन गया है। जर्दी, डोमरा एवं बड़हरा लाला अनंतपुर बांध पर जगह-जगह रैनकट एवं रैटहोल सिंचाई विभाग द्वारा कराए कार्यों का पोल खोल रहा है। बारिश होने से रोहिन नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। ग्राम प्रधान रानीपुर अमरजीत निषाद, डिग्री चंद, भरत, मदन मोहन, मनोज, संदीप, कमलेश, इंद्रजीत, रामकृपाल, भुआल, जयंती लाल आदि ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मांग की। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सुग्रीव मल्ल का कहना कि जिस स्थान पर बांध की मिट्टी कटकर गिर गई है। उस जगह पर मिट्टी डालने के लिए जल्द ही प्रयास किया जाएगा।