Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   The five-day festival of lights begins with Dhanteras; homes and courtyards will be illuminated.

Maharajganj News: धनतेरस से पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज, घर-आंगन होंगे रोशन

Fri, 06 Nov 2026 01:55 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Fri, 06 Nov 2026 01:55 AM IST
विज्ञापन
The five-day festival of lights begins with Dhanteras; homes and courtyards will be illuminated.
महराजगंज। धनतेरस के साथ शुक्रवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत होगी। पर्व को लेकर घरों और बाजारों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घर-आंगन दीपों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाए जा रहे हैं। वहीं, धनतेरस पर खरीदारी के लिए दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। मान्यता के अनुसार, इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में सराफा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
विज्ञापन

धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की जयंती भी मनाई जाएगी। इस दिन धन-धान्य और आरोग्यता की कामना से भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा की जाती है। इसके बाद नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के साथ दीपोत्सव संपन्न होगा।
विज्ञापन


धनतेरस पर शाम 6:02 से 7:57 बजे तक पूजन का मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य पं. विंध्यवासिनी पांडेय के अनुसार, छह नवंबर शुक्रवार को धनतेरस मनाई जाएगी। त्रयोदशी तिथि सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर सात नवंबर को सुबह 10:47 बजे तक रहेगी। धनतेरस पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 6:02 बजे से रात 7:57 बजे तक है। वहीं, प्रदोष काल शाम 5:33 बजे से रात 8:09 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि वृषभ लग्न में पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा करनी चाहिए। शाम को घर के मुख्य द्वार पर यम दीपक जलाने की भी परंपरा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


कल मनेगी नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली
मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर के पुजारी ज्योतिषाचार्य पं. अवधेश पांडेय ने बताया कि सात नवंबर शनिवार को नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली मनाई जाएगी। इस दिन सुबह तेल लगाकर स्नान करने और यमराज के नाम का दीपक जलाने की परंपरा है। उन्होंने बताया कि इस दिन हनुमान जी के प्राकट्य दिवस के अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, आरती और भंडारे होंगे। हनुमान जी की पूजा से भय और बाधाओं से मुक्ति की कामना की जाती है।

आठ को होगी लक्ष्मी-गणेश की पूजा
रविवार आठ नवंबर को दीपावली मनाई जाएगी। कार्तिक अमावस्या तिथि आठ नवंबर को सुबह 11:27 बजे से शुरू होकर नौ नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। प्रदोष काल में अमावस्या तिथि मिलने के कारण दीपावली आठ नवंबर को मनाई जाएगी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:54 बजे से रात 7:50 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:31 बजे से रात 8:09 बजे तक है। इस दिन घरों और प्रतिष्ठानों में भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और कुबेर देव की पूजा होगी। व्यापारी वर्ग बही-खातों का पूजन करेगा। इसके अलावा शारदा और काली पूजा भी की जाएगी।


नौ को गोवर्धन पूजा, 11 को भाई दूज
सोमवार नौ नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। इसी प्रसंग की स्मृति में श्रद्धालु गोवर्धन पूजा कर अन्नकूट का भोग लगाएंगे। इस दिन गाय और बैलों की पूजा का भी विशेष महत्व है। नगर के श्याम मंदिर में आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। राधे-राधे बाबा ने बताया कि पूजा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंगलवार 10 नवंबर को कायस्थ समाज की ओर से भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाएगी। वहीं, बुधवार 11 नवंबर को भाई दूज के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन होगा। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed