महराजगंज: चुनाव में SP का झंडा लेकर नारे लगाता है नन्हा नवरतन, मुलायम सिंह को मानता है अपना आदर्श
नवरतन का वीडियो वायरल होते ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फोन कर पूर्व विधायक कुंवर कौशल सिंह को बताया कि नवरतन को साथ लेकर आइए। इसके बाद पूर्व विधायक नवरतन को साथ लेकर निकल पड़े। निवर्तमान जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने बताया कि नवरतन की सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कराई जाएगी।
विस्तार
ग्राम पंचायत मल्हनी फुलवरिया के रहने वाले कक्षा पांच के छात्र नवरतन यादव की उम्र राजनीति के लिए काफी कम है, लेकिन चुनाव के दौरान वह अपनी पसंदीदा पार्टी के लिए जमकर प्रचार करता है। रैलियों में झंडा लेकर निकल पड़ता है और अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में जमकर नारे लगाता है। वह मुलायम सिंह यादव को अपना आदर्श मानता है और सपा के प्रचार के लिए हरसंभव प्रयास करता है।
नवरतन की मां पुष्पा देवी ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर वह रो पड़ा था। उनकी अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए वह घर में किसी को कुछ बताए बगैर इटावा निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। बाद में कानपुर रेलवे पुलिस से सूचना मिली तो सभी को राहत मिली। उन्होंने बताया कि नवरतन चुनाव के दौरान सपा का झंडा लेकर मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाता है।
मुलायम सिंह की अंत्येष्टि के दिन नवरतन कानपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को मिला था।
सूचना मिलने पर पिता सिकंदर कानपुर पहुंचे और बेटे को घर ले आए। सिकंदर मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते हैं। गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र नवरतन अक्सर सपा कार्यक्रमों में पहुंच जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनकर वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए घर से निकल पड़ा था। किसी ट्रेन में सवार होकर वह कानपुर पहुंच गया। जेब में फूटी कौड़ी नहीं थी। लोगों से मदद की गुहार लगाते हुए जो मिला, उसे खाकर आगे बढ़ता गया, लेकिन मंजिल तक नहीं पहुंच सका। इसका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नवरतन ने बताया कि मुलायम सिंह यादव उसके आदर्श हैं।
पूर्व विधायक के साथ सैफई गया नवरतन
नौतनवां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर कौशल सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को जैसे ही इसकी जानकारी हुई, उन्होंने नवरतन के घरवालों से संपर्क किया। उनसे नवरतन ने सैफई में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के घर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित करने की इच्छा जताई। इसके बाद पूर्व विधायक अपने साथ उसे लेकर शुक्रवार को सैफई के लिए रवाना होने वाले थे।
इसी बीच पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वायरल वीडियो देखने के बाद बालक को साथ लेकर आने का निर्देश दिया। पूर्व विधायक ने बताया कि चुनाव में नवरतन साइकिल लेकर प्रचार करता है। उस वक्त उसे बार-बार समझाया कि छोटी उम्र है, साइकिल गिर जाएगी, लेकिन वह नहीं सुनता था। साइकिल व झंडा लेकर प्रचार करने निकल जाता था। पार्टी के प्रति उसकी निष्ठा सपा कार्यकर्ताओं के लिए अनुकरणीय है।
पूर्व सीएम अखिलेश ने मिलने को बुलाया
नवरतन का वीडियो वायरल होते ही पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने फोन कर पूर्व विधायक कुंवर कौशल सिंह को बताया कि नवरतन को साथ लेकर आइए। इसके बाद पूर्व विधायक नवरतन को साथ लेकर निकल पड़े। निवर्तमान जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने बताया कि नवरतन की सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कराई जाएगी। शनिवार सुबह उसकी मुलाकात राष्ट्रीय अखिलेश यादव से होगी। दूरभाष पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि इस बालक की बात सुनकर वह काफी प्रभावित हुए। इसके बाद उससे मिलने की इच्छा प्रकट की।