फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Rail line project: Traffic scenario will change, business activities will accelerate

रेल लाइन परियोजना : बदलेगा यातायात परिदृश्य, तेज होंगी व्यापारिक गतिविधियां

Wed, 31 Dec 2025 02:01 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Wed, 31 Dec 2025 02:01 AM IST
विज्ञापन
Rail line project: Traffic scenario will change, business activities will accelerate
सड़क मार्ग और निजी वाहनों पर निर्भर आमजन को सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा
विज्ञापन

यात्री सुविधाओं के लिहाज से अहम रेल लाइन परियोजना व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए द्वार भी खोलेगी
महराजगंज। जिले में नई रेल लाइन निर्माण परियोजना के पूरा होने से फरेंदा और नौतनवा तहसील के लोगों का जिला मुख्यालय तक आना-जाना सुविधाजनक हो जाएगा। वर्षों से सड़क मार्ग और निजी वाहनों पर निर्भर आमजन को सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा। यह परियोजना यात्री सुविधाओं के लिहाज से अहम है। साथ ही पूरा होने के बाद यह व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए द्वार भी खोलेगी।
जंगल जोगिया बारी गांव के रहने वाले वीरेंद्र ने बताया कि रेल लाइन निर्माण के दायरे में उनकी 16 डिसमिल जमीन आ रही है। रेलवे और भूमि अधिग्रहण विभाग की ओर से सर्वे पूरा कर लिया गया है लेकिन अभी तक मुआवजा राशि का निर्धारण नहीं हुआ है। वीरेंद्र का कहना है कि मुआवजा मिलने के बाद वे उस धनराशि से कोई व्यवसाय शुरू करेंगे। नारद मुनि ने बताया कि रेल लाइन के निर्माण की जद में उनकी करीब 5 डिसमिल जमीन आ रही है। सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुआवजे की राशि मिलने के बाद वे एक अच्छा व्यवसाय शुरू करेंगे और यदि कुछ धन बचा तो सड़क किनारे कहीं जमीन खरीदेंगे।
विज्ञापन

सिधवारी गांव के जितेंद्र कुमार ने कहा कि अब तक जिला मुख्यालय जाने के लिए उन्हें निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था। समय पर वाहन न मिलने के कारण कई बार जरूरी काम अधूरे रह जाते थे। इससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। लेकिन नई रेल लाइन के चालू होने से यह समस्या दूर हो जाएगी। आनंदनगर जंक्शन से सीधे महराजगंज और घुघली के लिए रेल लाइन जुड़ जाने से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और किराया भी अपेक्षाकृत सस्ता पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

परसा महंथ निवासी घनश्याम का कहना है कि जिला मुख्यालय रेल नेटवर्क से जुड़ने के बाद लोगों को एक निश्चित समय पर यात्रा की सुविधा मिलेगी। अब अनावश्यक चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और समय की भी बचत होगी। उन्होंने बताया कि इससे नौकरी पेशा लोगों, छात्रों और मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। बरगदवा राम सहाय की संगीता ने बताया कि उन्हें अक्सर पुरन्दरपुर रेलवे स्टेशन से नौतनवा और आनंदनगर आना-जाना पड़ता है। अभी तक निजी वाहनों या सीमित साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। रेल लाइन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सस्ते किराए में जिला मुख्यालय पहुंचना आसान हो जाएगा। कम समय में अधिक सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी।
जोगिया निवासी मयंक सिंह ने बताया कि रेल लाइन निर्माण के दायरे में उनके खेत और मकान का कुछ आंशिक हिस्सा आ गया है। खेत का मुआवजा उन्हें मिल चुका है और मकान के मुआवजे की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मकान का मुआवजा भी मिल जाएगा और प्राप्त मुआवजे की रकम से वह घर की मरम्मत और अन्य जरूरतों को पूरा कर सकेंगे।
घघरुआ खड़ेसर निवासी जामिल अंसारी ने बताया कि रेल लाइन निर्माण के कारण उनकी जमीन भी अधिग्रहित की गई है। सभी जरूरी कागजात रेलवे और भूमि अधिग्रहण कार्यालय को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्हें भरोसा है कि जल्द ही मुआवजा मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक घुघली से आनंदनगर, बृजमनगंज और नौतनवा जाने के लिए निजी गाड़ियों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई रेल लाइन शुरू होने से घुघली से महराजगंज होते हुए आनंदनगर जाना अधिक आसान हो जाएगा। फूलमनहां गांव के महेंद्र ने बताया कि नई रेल लाइन परियोजना जिले के लिए विकास की नई राह खोलने वाली साबित होगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि आर्थिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी इजाफा होगा।
मांग के अनुसार यात्री और मालगाड़ियों का किया जाएगा संचालन
रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के सेक्शन इंजीनियर अजय कुमार ने बताया कि इस रूट पर भविष्य में मांग के अनुसार यात्री और मालगाड़ियों का संचालन किया जाएगा। परियोजना पूरी होने से लोगों को अन्य राज्यों में यात्रा के बेहतर विकल्प मिलेंगे। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। खासतौर पर कृषि उत्पादों, छोटे उद्योगों और स्थानीय व्यवसायों को नई रेल लाइन से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों में व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
कोट...
जिला मुख्यालय से रेल सुविधा जुड़ने के बाद बिहार और पड़ोसी देश नेपाल से व्यापार करना कहीं अधिक सरल और सुगम हो जाएगा। इससे व्यापारिक लेन-देन को बढ़ावा मिलेगा और महराजगंज जिला विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

-राधेश्याम, सेमराडाड़ी
---------------
आनंदनगर जंक्शन से जिला मुख्यालय तक रेल लाइन जुड़ जाने से बृजमनगंज, नौतनवा और फरेंदा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब जिला मुख्यालय, जिला अस्पताल, बिहार सहित सीमावर्ती जिले गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर तक यात्रा करना आसान हो जाएगा।

-बंशीधर, सिधवारी
-----------------

आनंदनगर जंक्शन से लखनऊ और नौतनवा के लिए सीधी रेल सुविधा पहले से उपलब्ध है लेकिन जिला मुख्यालय अब तक रेल नेटवर्क से वंचित था। रेल लाइन निर्माण कार्य शुरू हो जाने से जल्द ही यह सुविधा आमजन को मिलने लगेगी। बिहार समेत अन्य राज्यों की यात्रा अधिक सुगम और किफायती हो जाएगी।


-आनंद गुप्ता, फरेंदा खुर्द

------------------

जिला मुख्यालय से विशेष रेल लाइन जुड़ने से व्यापारिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। अब खाद, बीज और अन्य जरूरी सामग्रियों की खरीदारी के लिए बड़े शहरों में निजी वाहनों से जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे की मालवाहक ट्रेनों से सामान मंगाना आसान होगा।

-राजेश मौर्य, मथुरानगर
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed