आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए करें जागरूक : सीडीओ
महराजगंज। आयुष्मान कार्ड बन जाने से ग्रामीणों व जरूरतमंदों की मुश्किलों को काफी हद तक दूर किया जा सकता है। ग्रामीणों को कार्ड बनवाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूक किया जाए।
ये निर्देश मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित आयुष्मान कार्ड की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत सहायक व आशा को निर्देशित किया जाए कि वे कार्ड बनवाने के इच्छुक लोगों का त्वरित रुप से कार्ड बनाएं। जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रतिदिन की प्रगति का पर्यवेक्षण करें। रुचि न लेने वाले कर्मियों की सूची उपलब्ध कराई जाए। सभी ब्लॉकों के चिकित्सकों को भी निर्देशित किया कि वे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से भी इस कार्य को कराए जाने की तैयारी प्रारंभ करें। जिला कार्यक्रम समन्वयक सरनदीप कौर ने बताया कि जिले में कुल 3,14, 465 लोगों का कार्ड बन चुका है। इस दौरान प्रशिक्षु एसडीएम अमित गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार, जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक वरुण शाही व दुर्गेश सिंह आदि मौजूद रहे।