साक्षर हुईं महिलाएं, बढ़ा आत्मविश्वास
ललितपुर। ब्लाक जखौरा में तारा अक्षर साक्षरता प्रमाण पत्र समारोहपूर्वक वितरित किए गए। इस दौरान नवसाक्षर महिलाओं का आत्मविश्वास देखते ही बना। उपजिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने कहा कि महिलाएं यदि साक्षर होंगी तो दो पीढ़ियां साक्षर होती हैं। समाज के निर्माण के लिए महिलाओं की साक्षरता जरूरी है। सोसाइटी फॉर डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्ज एवं साई ज्योति संस्था द्वारा तारा अक्षर साक्षरता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत निरक्षर महिलाओं को साक्षर बनाने का कार्य चल रहा है। जिन महिलाओं को साक्षर बनाया जा चुका है, उन्हें साक्षरता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि एसडीएम सदर गजल भारद्वाज ने नवसाक्षर महिलाओं से महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए कहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार वर्मा ने कहा कि नवसाक्षर महिलाएं अपने साथ परिवार के बच्चों की नियमित शिक्षा के लिए प्रयास करें, ताकि गांव का कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अकील अहमद ने बताया कि निरक्षर महिलाओं को 56 दिनों में हिंदी पढ़ना-लिखना एवं गणित की मूलभूत जानकारी दी जाती है। अजय श्रीवास्तव, कर्नल एमएस आहलूवालिया, डॉ. प्रदीप सिंह, ग्राम प्रधान ननौरा कृष्ण प्रताप बुंदेला, प्रशिक्षक बबली राजा, रमन शर्मा, गुड्डी देवी, रेखा, सतीश, किरण आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन महेश रिछारिया ने किया।