ललितपुर। थाना नाराहट के अंतर्गत ग्राम मुड़िया में एक महिला ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। नाराहट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के भाई के अनुसार उसकी बहन पहले भी दो बार मरने का प्रयास कर चुकी थी।
ग्राम मुड़िया निवासी मिथलेश पत्नी मुकेश सोमवार को सुबह आठ बजे अपने कमरे में चली गई और काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला। शंका होने पर परिजनों ने दरवाजे खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजन पीछे का गेट निकालकर कमरे में गए, वहां मिथलेश म्यारी पर रस्सी से फांसी के फंदे पर लटक रही थी। परिजनों ने इसकी सूचना नाराहट पुलिस को दी। परिजनों ने बताया कि मिथलेश ने फांसी लगाने से पहले अपने बच्चों को दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए भेज दिया था, जबकि उसका पति बीज लेकर खेत पर गया था। मृतका के भाई महरौनी के ग्राम कुआघोषी निवासी मलखान ने बताया कि उसकी बहन मिथलेश पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। करीब आठ साल पहले उसने कुएं में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन गांवों वालों ने उसे बचा लिया था। पिछले दो माह पहले भी उसने इल्ली मारने वाली दवा खा ली थी, तब वह भी बहन के यहां ही था। फिलहाल वह आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सका। पुलिस मामले में जांच कर रही है।