कड़ेसराकलां/तालबेहट। प्रशासन द्वारा लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलने का आग्रह और चेतावनी बेअसर साबित हो रही है। लोग प्रशासन की इस चेतावनी का प्रतिदिन माखौल उड़ा रहे हैं।
कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए पूरे देश में तीन मई तक लॉकडाउन चल रहा है, जिसके तहत लोगों को अपने घरों में रहने के निर्देश है। आवश्यक कार्य होने पर भी घर से बाहर जाने के निर्देश हैं। इसके अलावा सोशल डिस्टेंस बनाए रखने और मुंह पर मास्क लगाने के निर्देश हैं। लेकिन, जब भी गांव में गैस सिलिंडर देने के लिए एजेंसी का वाहन आता है तो लोग गैस सिलिंडर लेने ही गाड़ी को चारों ओर से घेर लेते हैं, जैसे सिलिंडर समाप्त होने वाले हों। जबकि, एजेंसी संचालक घर- घर बुकिंग के गैस सिलिंडर लेकर जाता है। इन लोगों के मुंह पर न तो मास्क लगा रहता है और न ही यह लोग एक-दूसरे से दूरी बना कर रखते हैं। यदि कोई इसके लिए कहता तो लड़ने पर आमादा हो जाते हैं। जनहित में इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है।